Summer express/शिमला, संजू- : पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा जिला शिमला ने मंगलवार को कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र के भट्टाकुफर स्थित ज्वाला माता मंदिर के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा आम लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील की।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज और जिला परिषद सदस्य खुश विक्रम सेन ने विशेष रूप से भाग लिया। दोनों नेताओं ने पौधे लगाकर अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान प्रकृति के संरक्षण के साथ मातृत्व के सम्मान का भी प्रतीक है और यह लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने का प्रभावी माध्यम बन रहा है।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा महिला मोर्चा जिला शिमला की अध्यक्ष रीना शर्मा ने की। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा पर्यावरण संरक्षण जैसे सामाजिक अभियानों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाता रहेगा। कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ने का संकल्प लिया।इस अवसर पर सुरेश भारद्वाज ने कहा कि पौधारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल की जाएगी। उन्होंने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके।