Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। हरियाणा के कैथल में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शुक्रवार तड़के करीब दो बजे एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम और कथित नशा तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके चार अन्य साथियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग बोलेरो वाहन में नशीले पदार्थ की खेप लेकर क्षेत्र से गुजरने वाले हैं। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर आरोपियों ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और पुलिस वाहन को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की।
भागने के प्रयास के दौरान आरोपियों की बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेतों में उतर गई। इसके बाद पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ की स्थिति बन गई। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को काबू कर लिया।
घायल आरोपी की पहचान गांव मटौर निवासी संदीप के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने उसे तुरंत उपचार के लिए कैथल के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है। गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में तीन युवक गांव मटौर, एक बड़सिकरी और एक जींद जिले के गांव खेड़ी मसानियां का निवासी बताया जा रहा है।
पुलिस द्वारा वाहन की तलाशी लेने पर 48 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। बरामद नशीले पदार्थ और बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी चिट्टा तस्करी के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक रिकॉर्ड और अन्य संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मामले में आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।