राहुल चावला, धर्मशाला-:धर्मशाला के दाड़ी स्थित डाकघर में सेंधमारी कर नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 1 लाख 45 हजार रुपये की नकदी बरामद की है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।जानकारी के अनुसार, 29 तारीख की रात को आरोपी ने दाड़ी डाकघर का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद थाना सदर धर्मशाला में मामला दर्ज किया गया।
एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने बताया कि पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और साक्ष्य जुटाए। फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। पुलिस अब रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।