Summer express ,मोनिका रावत , चंडीगढ़। हरियाणा में महिलाओं और बुजुर्गों सहित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में आज सोमवार को पेंशन, मानदेय और सहायता राशि डाली जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह दस बजे सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दयालु, लाडो लक्ष्मी, हर घर-हर गृहिणी और आवास योजना के लाभार्थियों के लिए अगली किस्त जारी करेंगे।
मुख्यमंत्री 50 लाख से अधिक लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) के माध्यम से 1500 करोड़ रुपये से ज्यादा राशि डालेंगे। इनमें ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी’ योजना की दसवीं किस्त भी शामिल है। दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत अब तक करीब दस लाख बहन-बेटियों के खातों में 1832 करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं।
इसी तरह 15 प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत 34 लाख 83 हजार लाभार्थियों के खातों में 1121 करोड़ रुपये डाले जाएंगे, जिनमें वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांग भत्ता तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं शामिल हैं। इसके अलावा गैस सिलिंडर रिफिल करवाने वाली पांच लाख से अधिक महिलाओं के खातों में सब्सिडी राशि डाली जाएगी।