Summer express/मंडी, धर्मवीर-:आईटीआई डिप्लोमा होल्डर युवाओं को दुबई में रोजगार का मौका मिलने जा रहा है। सरकाघाट निवासी समाजसेवी चंद्रमोहन शर्मा ने दुबई की लक्सरिज बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टिंग कंपनी में 1200 युवाओं को रोजगार देने का बीड़ा उठाया हैं। इसके लिए आने वाली 14 अगस्त को सरकाघाट में ही कंपनी द्वारा इंटरव्यू लिए जाएंगे। कंपनी द्वारा भरे जाने वाले 1200 पदों में प्लंबर के 180, इलेक्ट्रिशियन के 212, डक्टमैन के 112, सीएचडब्ल्यू पाईप फीटर के 60, स्टील फिक्सर के 170, शटरिंग कारपेंटर के 140, मैसन ऑल राउंडर के 70, स्कैफ़ोल्डर के 26, फोरमैन (स्टील, जनरल, सिविल फिनिशिंग) के 10, फोरमैन (प्लंबिंग, डक्टिंग, चिल्ड वॉटर) के 10 और सिविल हेल्पर के 210 पदों को भरा जाना है।
इन पदों के लिए आईटीआई डिप्लोमा धारक अपने दस्तावेजों के साथ 14 अगस्त को सरकाघाट आकर इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं। चयनित युवाओं को 8 घंटे डयूटी का 28 हजार से 1 लाख 10 हजार तक मासिक वेतन दिया जाएगा जबकि दो घंटे का ओवरटाइम करने पर एक्स्ट्रा पेमेंट मिलेगी। रहने, ट्रांस्पोर्टेशन और मेडिकल सहित अन्य सुविधाएं कंपनी की तरफ से दी जाएंगी। 22 से 45 वर्ष के युवा इसके लिए पात्र होंगे और उनके पास पासपोर्ट होना अनिवार्य है। चंद्रमोहन शर्मा ने बताया कि क्षेत्र के बहुत से युवा पहले से ही इस कंपनी में काम कर रहे हैं। अब अन्य युवाओं को भी यहां काम करने का मौका देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बहुत से युवा आईटीआई पास करने के बाद भी रोजगार न मिलने के कारण अन्य क्षेत्रों में कार्य करने को मजबूर हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें सही दिशा में आगे बढ़ाने के लिए यह प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से इस इंटरव्यू में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आहवान किया है।