Summer express, गन्नौर । गन्नौर से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बड़ी फ्लाईओवर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी विशाल के रूप में हुई है। बताया गया है कि विशाल पिछले करीब एक वर्ष से गांव पीपली खेड़ा में रह रहा था और गन्नौर के आसपास स्थित एक निजी कंपनी में काम करता था। वह मंगलवार को बाइक से ड्यूटी के लिए जा रहा था। इसी दौरान बड़ी फ्लाईओवर के पास उसकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। कुछ ही देर में बड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार हादसे को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटा रही है। आरोपी वाहन चालक की तलाश जारी है।