Summer express, बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के सांखौल गांव से पारिवारिक विवाद में मारपीट और धमकी का मामला सामने आया है। 53 वर्षीय व्यक्ति ने अपने दामाद और उसके तीन साथियों पर रास्ता रोककर मारपीट करने, पिस्तौल के बल पर धमकाने और बेटी के तलाक से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित के शरीर पर सात चोटें आई हैं। उपचार और मेडिकल जांच के बाद उसने सेक्टर-6 थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
सांखौल निवासी सतबीर ने पुलिस को बताया कि वह बहादुरगढ़ स्थित पारले कंपनी में डाई चलाने का काम करता है। दोपहर करीब दो बजे ड्यूटी खत्म करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहा था। रूपाली ढाणी में सूर्य कंपनी के पास पीछे से आई एक सफेद कार ने उसकी साइकिल के आगे अपनी गाड़ी लगाकर रास्ता रोक दिया। कार से चार युवक नीचे उतरे, जिनमें उसका दामाद हर्ष निवासी इस्माइला ग्यारह-बी पाना भी शामिल था।
सतबीर का आरोप है कि हर्ष ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए थप्पड़ और घूंसों से मारपीट की तथा लातें भी मारीं। इसके बाद उसकी कनपटी पर पिस्तौल तानकर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। आरोप है कि हर्ष के साथ आए तीन अन्य युवकों ने भी उसका हाथ मरोड़कर उसे जमीन पर गिरा दिया और उसके साथ मारपीट की।
पीड़ित के अनुसार, आरोपी उसकी बेटी के तलाक से संबंधित कागजात पर हस्ताक्षर करने का दबाव बना रहे थे। सतबीर का आरोप है कि हर्ष ने धमकी दी कि यदि उसने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर नहीं किए तो आठ दिन बाद उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। घटना के बाद से पीड़ित ने अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है।
मारपीट में घायल सतबीर को उपचार के लिए सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल कराया गया। इसके बाद उसने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की जांच करने के साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाल रही है।