Summer express, लुधियाना । महानगर के कश्मीर नगर इलाके में बुधवार को बुड्ढा दरिया में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता मिलने से हड़कंप मच गया। पानी में शव दिखाई देने के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के अनुसार, कश्मीर नगर के पास से गुजरते समय कुछ लोगों की नजर बुड्ढा दरिया के पानी में तैर रहे शव पर पड़ी। उन्होंने आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-3 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को पानी से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों की भी जांच की जा रही है, ताकि मृतक की पहचान हो सके।
पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम और पहचान की प्रक्रिया के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखा जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि निर्धारित अवधि तक शव की पहचान नहीं होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शव के दरिया में पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।