Summer express, करनाल। काछवा से बहलोलपुर की ओर तूड़ी लेने जा रहे पांच लोगों से भरा ट्रैक्टर बुधवार सुबह हादसे का शिकार हो गया। बेहलोलपुर रोड पर राजबहे की पुलिया के पास सड़क पर बने गड्ढे में पहिया उतरने से ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे उतरकर खेत में पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर के नीचे दबने से तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। मृतकों में दो सगे भाई बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, पांचों लोग एक ही गांव के रहने वाले थे और ट्रॉली में तूड़ी लेने के लिए काछवा से बहलोलपुर की तरफ जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे राजबहे की पुलिया के पास पहुंचने पर ट्रैक्टर का एक पहिया सड़क पर बने गड्ढे में उतर गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर खेत में पलट गया। ट्रैक्टर पलटने के बाद उस पर सवार लोग नीचे दब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर डायल-112 और निसिंग थाना पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया।
हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अबरार पुत्र गुलजार, खालिद पुत्र गुलजार और फजरु पुत्र मामू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अबरार और खालिद सगे भाई थे। तीनों उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव उमरपुर के रहने वाले बताए गए हैं। हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है, जिसके बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
दो लोग हादसे में घायल हुए हैं। इनमें एक की टांग टूटने की जानकारी सामने आई है। दोनों घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचाया। बाद में परिजन दोनों घायलों को रेफर करवाकर अपने क्षेत्र में ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजबहे की पुलिया के पास सड़क पर बने गड्ढे के कारण यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर चिंता जताते हुए संबंधित विभाग से गड्ढों की मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते सड़क की स्थिति ठीक नहीं की गई तो भविष्य में भी ऐसे हादसे हो सकते हैं।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस मृतकों व घायलों से संबंधित जानकारी जुटा रही है।