Summer express/यमुनानगर,परवेज़ खान-: यमुनानगर में एक महिला की हत्या की सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। घर में अकेली महिला पर अज्ञात हमलावरों ने तेजधार हथियार से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के दौरान घर की लाइट बंद थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या हमलावरों को पहले से पता था कि महिला घर में अकेली हैं? पुलिस हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी है।
यमुनानगर में हुई इस वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया। बताया जा रहा है कि स्टार्च मिल कर्मचारी की मां घर में अकेली थीं। इसी दौरान अज्ञात आरोपी घर में दाखिल हुए और महिला के सिर पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण महिला की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस हत्या में सबसे अहम सवाल घर की बंद लाइट को लेकर सामने आ रहा है। क्या आरोपियों ने जानबूझकर घर की बिजली बंद की थी? क्या उन्हें महिला के अकेले होने की जानकारी थी? पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं वारदात से पहले घर और आसपास के इलाके की रेकी तो नहीं की गई थी। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, लूट या किसी अन्य वजह को लेकर भी जांच की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी, डीएसपी, अपराध शाखा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। फिलहाल हत्या की वजह और हमलावरों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। अंधेरे में हुई इस वारदात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।