Summer express/कुरुक्षेत्र,गुरदीप सिंह गुजराल-:स्वतंत्रता दिवस 15 अगस्त को लेकर प्रदेशभर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत कुरुक्षेत्र रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष चेकिंग अभियान शुरू किया है। रेलवे पुलिस, सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वार सहित प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर यात्रियों की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी यात्रियों के सामान की भी बारीकी से जांच कर रहे हैं। इसके अलावा संदिग्ध नजर आने वाले व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और यात्रा से संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है।
कुरुक्षेत्र रेलवे पुलिस के एएसआई गुरदेव सिंह ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर 15 अगस्त के मद्देनजर विशेष सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हर आने-जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। विशेष रूप से संदिग्ध गतिविधियों और लावारिस सामान की जांच की जा रही है।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान रेलवे पुलिस के साथ सीआरपीएफ और स्थानीय पुलिस भी सहयोग कर रही है। सुरक्षा टीमों द्वारा स्टेशन परिसर में लगातार गश्त की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।पुलिस ने यात्रियों से भी अपील की है कि वे सुरक्षा जांच में सहयोग करें और स्टेशन परिसर में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु को देखते ही इसकी सूचना पुलिस को दें। अधिकारियों के निर्देशानुसार यह विशेष चेकिंग अभियान 15 अगस्त तक जारी रहेगा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आ रही है।