मुकुल शर्मा | पंचकूला
आज वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने लांडरा-बनूड़ रोड से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित गांव बठलाणा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने गांव की खस्ताहाल सड़क दिखाते हुए आम आदमी पार्टी सरकार के विकास के दावों की असलियत लोगों के सामने रखी।
सड़क पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढे और बारिश का जमा हुआ पानी लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बने हुए हैं। बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि आप सरकार पिछले साढ़े चार वर्षों से विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों की बुनियादी सुविधाओं की ओर कोई उचित ध्यान नहीं दिया जा रहा और लोग आज भी टूटी सड़कों, गंदे पानी और खराब बुनियादी ढांचे से जूझ रहे हैं। बलबीर सिंह सिद्धू ने हलका विधायक कुलवंत सिंह से सीधा सवाल करते हुए कहा कि अगर साढ़े चार वर्षों में आप सरकार ने वास्तव में विकास किया है, तो वह लोगों को अपना कोई एक ऐसा काम गिनाएं, जो जमीन पर दिखाई देता हो।