Summer express/नूरपुर,संजीव महाजन-:नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में बीती देर रात से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के चलते बुधवार सुबह पंदरेहड़ पंचायत के मदनपुर नाडू के पास अचानक भारी भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से बड़ी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गिरा, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया और दोनों ओर वाहनों की आवाजाही थम गई।
इसी दौरान एक स्कूटी सवार व्यक्ति अपने काम के लिए इस मार्ग से गुजर रहा था। अचानक हुए भूस्खलन की चपेट में आने से उसकी स्कूटी मलबे में फंस गई। स्थिति को देखते हुए पीछे से आ रही बस को स्थानीय लोगों ने तुरंत रुकवाया। बस में सवार यात्रियों और ग्रामीणों की मदद से स्कूटी सवार को सुरक्षित बाहर निकाला गया और उसे स्कूटी समेत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। हादसे में व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय निवासी अजय ठाकुर ने बताया कि सुबह वह सड़क से गुजर रहे थे। उनके आगे एक व्यक्ति स्कूटी पर जा रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा गिर पड़ा और स्कूटी सवार उसकी चपेट में आ गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने तत्काल बस रुकवाकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।अजय ठाकुर के अनुसार, भूस्खलन वाले स्थान के समीप गांव का जलस्रोत भी मौजूद है। लगातार बारिश के कारण आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। सड़क पर मलबा आने से क्षेत्र की आवाजाही भी प्रभावित हुई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मार्ग को जल्द साफ करवाने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के उचित इंतजाम करने की मांग की है।