Summer express/मंडी, धर्मवीर – पंडोह के साथ लगते सराज विधानसभा क्षेत्र के बाखली में 86 लाख की लागत से बाखली फुटब्रिज बनकर तैयार हो गया है। बड़ी बात यह है कि इस पुल के बन जाने से सराज क्षेत्र की लगभग डेढ़ दर्जन पंचायतों को राहत मिली है। लेकिन अभी भी ग्रामीणों को वाहन योग्य पुल के बनने का इंतजार है। पेश है एक रिपोर्ट।
स्कूली बच्चों को मिली विशेष राहत, स्कूल आना-जाना हुआ और भी आसान
वर्ष 2025 की प्राकृतिक आपदा में सराज विधानसभा क्षेत्र के बाखली खड्ड पर बने दो प्रमुख पुल पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए थे। जिनमें वाहन योग्य कुकलाह पुल और बाखली फुटब्रिज शामिल थे। इन पुलों के टूटने से सराज क्षेत्र की लगभग तीन दर्जन पंचायतों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। बाखली फुटब्रिज के टूटने के कारण स्कूली बच्चों को आने-जाने में भारी परेशानियां झेलनी पड़ रही थी। लोगों के पास आवागमन के दो ही साधन रह गए थे। या तो खड्ड को पैदल पार करो या फिर कई किलोमीटर का सफर तय करने के बाद रोपवे से होकर जाओ। अब इस फुटब्रिज के बनने से लोगों को बड़ी राहत मिली है। पुल के दोनों तरफ वाहन खड़े किए जा रहे हैं जो पैदल आने-जाने वालों को आगे गंतव्यों की तरफ ले जाते हैं। कुकलाह स्कूल के शिक्षक दुनी चंद, छात्रा कंगना और स्थानीय निवासी पूर्ण चंद ने बताया कि पुल के बन जाने से उन्हें काफी राहत मिली है। पुल से रोजाना लगभग 500 लोग गुजर रहे हैं। इन्होंने इस पुल के लिए बीबीएमबी प्रबंधन का आभार जताते हुए सरकार से जल्द ही वाहन योग्य पुल को बनाने की मांग उठाई है।
2025 की आपदा में बूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुआ था बाखली पुल
बीबीएमबी पंडोह के अतिरिक्त अधीक्षण अभियंता चंद्रमणी शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर प्रबंधन ने इस फुटब्रिज के लिए 86 लाख का बजट प्रावधान किया था। तीन महीनों में पुल को बनाकर तैयार कर दिया गया था और बीती 20 जुलाई से पुल को आवागमन के लिए खोल दिया गया है। 90 प्रतिशत कार्य नया ही हुआ है जबकि 10-15 प्रतिशत पुराने ढांचे का इस्तेमाल किया गया है। बता दें कि वर्ष 2025 की आपदा में मंडी जिला के सराज क्षेत्र ने सबसे ज्यादा दंश झेले थे। हालांकि सराज के जख्मों को भर पाना तो संभव नहीं, लेकिन इस तरह की छोटी-छोटी सुविधाओं का शुरू हो जाना भी क्षेत्र के लोगों के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उम्मीद की जानी चाहिए कि सरकार यहां जल्द ही वाहन योग्य पुल को बनाने का कार्य भी शुरू करेगी।