Summer express/हमीरपुर,अरविंद-: जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने प्रदेश भाजपा प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा के बयानों पर तीखा पलटवार किया है। हमीरपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान उन्होंने राजेंद्र राणा पर अनाप-शनाप बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बयानों का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं, लेकिन अभी तक भाजपा में पूरी तरह स्थापित नहीं हो पाए हैं।सुमन भारती ने राजेंद्र राणा के भाजपा में शामिल होने को लेकर तंज कसते हुए कहा कि नई दुल्हन जब दूसरे घर जाती है तो उसे परिवार में शामिल होने के लिए वहां के तौर-तरीके सीखने पड़ते हैं। उन्होंने कहा कि राजेंद्र राणा को भी भाजपा की विचारधारा और कार्यशैली को समझने की जरूरत है।
प्रियंका गांधी को लेकर भी किया पलटवार
सुमन भारती ने प्रियंका गांधी को लेकर राजेंद्र राणा की ओर से दिए गए बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव हैं और पार्टी के कार्यक्रमों में कहीं भी आने-जाने के लिए स्वतंत्र हैं। उन्होंने कहा कि शिमला में प्रियंका गांधी का अपना घर है और वह अपने घर में कभी भी आ-जा सकती हैं।उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रियंका गांधी मंडी में किसी स्कूल का उद्घाटन करने नहीं गई थीं, बल्कि बच्चों से संवाद करने के उद्देश्य से वहां पहुंची थीं। सुमन भारती ने कहा कि राजेंद्र राणा को बयान देने से पहले तथ्यों की जानकारी हासिल करनी चाहिए और अपने ज्ञान में वृद्धि करनी चाहिए।
गांधी टोपी को लेकर साधा निशाना
सुमन भारती ने राजेंद्र राणा द्वारा सुजानपुर में धरना प्रदर्शन के दौरान गांधी टोपी पहनने पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सफेद गांधी टोपी राजेंद्र राणा को शोभा नहीं देती। सुमन भारती ने कहा कि गांधी टोपी का संबंध देश की आजादी के आंदोलन और महात्मा गांधी जैसे महान नेताओं से रहा है।उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राजेंद्र राणा जिस पार्टी में गए हैं, वहां की टोपी का रंग काला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजेंद्र राणा अभी भी भाजपा में खुद को पूरी तरह स्थापित नहीं कर पाए हैं और इसी कारण लगातार कांग्रेस पर बयानबाजी कर रहे हैं।
शनिवार को होगी कांग्रेस की अहम बैठक
जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती ने बताया कि शनिवार को हमीरपुर में जिला कांग्रेस की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष, कांग्रेस विधायक एवं पूर्व विधायक, ब्लॉक अध्यक्षों सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और आगामी गतिविधियों को लेकर विस्तार से चर्चा की जाएगी।सुमन भारती ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ संगठन के लिए काम कर रहे हैं और पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने का कार्य लगातार जारी है।