Summer express , धर्मवीर , मंडी। मंडी शहर में भ्यूली पुल से बिजनी तक सड़क की देखरेख और मरम्मत की जिम्मेदारी अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधीन आ गई है। इस सड़क हिस्से को मंडी-पधर राष्ट्रीय राजमार्ग में शामिल किए जाने के बाद यहां सुधार और रखरखाव के कार्य तेज कर दिए गए हैं। सड़क की मरम्मत के लिए करीब 6.5 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने बताया कि भ्यूली से बिजनी तक विभिन्न विकास और मरम्मत कार्य गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के माध्यम से करवाए जा रहे हैं। पिछले वर्ष बरसात के दौरान सड़क और आसपास के क्षेत्रों में हुए नुकसान की भरपाई के लिए यह राशि खर्च की जा रही है। जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से दिए गए निर्देशों के आधार पर सुरक्षा और सड़क सुधार से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि सड़क किनारे सुरक्षा को मजबूत करने के लिए छह स्थानों पर डंगे लगाए जा चुके हैं। महिला थाना के पास तीन डंगे, विक्टोरिया पुल के समीप एक और डीएवी स्कूल के पास भी सुरक्षा दीवार का निर्माण किया गया है। इन कार्यों का उद्देश्य बरसात के दौरान सड़क को होने वाले नुकसान और भूस्खलन जैसी स्थिति से बचाव करना है।
बरसात के कारण फिलहाल कुछ स्थानों पर अस्थायी व्यवस्था के जरिए सड़क को सुरक्षित रखने का प्रयास किया जा रहा है। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार बारिश का मौसम समाप्त होने के बाद सड़क पर स्थायी मरम्मत कार्य किए जाएंगे। इसके तहत जरूरत के अनुसार टारिंग का काम भी कराया जाएगा, जिससे वाहन चालकों को बेहतर सड़क सुविधा मिल सके।
गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के जीएम विकास नागर ने बताया कि महिला थाना के पास नई वर्षाशालिका का निर्माण पूरा कर लिया गया है। इससे सड़क किनारे बस या अन्य वाहनों का इंतजार करने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा खलियार क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए पक्की नालियों का निर्माण भी चल रहा है।
विकास नागर के अनुसार, खलियार में लंबे समय से उचित जल निकासी की व्यवस्था नहीं थी। बारिश के दौरान पानी सड़क और आसपास के क्षेत्रों में जमा होने से लोगों को परेशानी होती थी। पक्की नालियों का निर्माण पूरा होने के बाद जलभराव की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। सड़क सुरक्षा, जल निकासी और अन्य जरूरी सुधारों से जुड़े कार्य भी चरणबद्ध तरीके से जारी हैं।
एनएचएआई के अधीन आने के बाद भ्यूली से बिजनी तक सड़क के रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बरसात समाप्त होने के बाद टारिंग और अन्य स्थायी कार्य पूरे किए जाने की योजना है।