सौरव अरोड़ा | लुधियाना
समर न्यूज
इनिशिएटर्स ऑफ चेंज की ओर से गुरु नानक देव भवन, लुधियाना में दो दिवसीय यंग लीडर्स कॉन्क्लेव का सफल आगाज हुआ। सम्मेलन में शहर भर से बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया। कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, उद्यमिता, रचनात्मकता, खेल, राजनीति और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद, मार्गदर्शन और प्रेरणा का मंच उपलब्ध करवाना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अनमोल क्वात्रा के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने युवाओं को महत्वाकांक्षा, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आने का संदेश दिया।
पहले पैनल ‘द जेन जी वे या द लेगेसी वे’ में प्रिटी एक्स बेक्ड की याचना सिंह, फ्लोरल की वंशिका मित्तल, रोबो कैंपस के अक्षय आहूजा, शरमन जैन स्वीट्स के बिपिन जैन और नीलिबर के सोनू नीलिबार ने विचार साझा किए। चर्चा में पारंपरिक कारोबारी अनुभव और जेन जी की नई सोच, नवाचार, बदलते उपभोक्ता व्यवहार तथा युवा उद्यमियों के अवसरों पर चर्चा हुई।
कला एवं कविता सत्र का नेतृत्व सिमरनजोत सिंह मक्कर ने किया।
वहीं ओलंपियन साक्षी मलिक ने संघर्ष और सफलता पर युवाओं से संवाद किया। आरजे युवी की ओर से संचालित इस सत्र में उन्होंने युवाओं को फिटनेस, अनुशासन और खेल को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में वरिष्ठ नेताओं चरनजीत सिंह चन्नी, सुखविंदर सिंह रंधावा और भारत भूषण आशु ने राजनीतिक एवं सार्वजनिक नेतृत्व पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि सक्षम और जिम्मेदार युवाओं को राजनीति और जनसेवा में आगे आना चाहिए।
इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उभरती तकनीक, डिजिटल स्किल्स और इंडस्ट्री आधारित पाठ्यक्रमों की जरूरत पर भी विचार-विमर्श हुआ। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को भविष्य की नौकरियों के लिए आधुनिक और व्यावहारिक कौशल से लैस करना जरूरी है। इनिशिएटर्स ऑफ चेंज ने आत्मविश्वासी, जिम्मेदार और सशक्त युवा नेतृत्व तैयार करने की प्रतिबद्धता दोहराई।