Summer express, बलिंदर कुमार, कैथल। त्योहारी सीजन से पहले चीनी की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। पिछले कुछ सप्ताह में देशभर के बाजारों में चीनी के दाम बढ़े हैं, जिसका असर हरियाणा के बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। बढ़ती कीमतों के बीच उपभोक्ता परेशान हैं, वहीं प्रशासन ने जमाखोरी और कालाबाजारी पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है।
कैथल जिला प्रशासन के अधिकारी एसडीएम सजय कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे चीनी की कीमतों में बढ़ोतरी को देखते हुए घबराकर जरूरत से अधिक खरीदारी न करें। उन्होंने कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आम जनता को इसकी कमी को लेकर चिंतित होने की जरूरत नहीं है। प्रशासन बाजार में चीनी की उपलब्धता और बिक्री की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यापारी चीनी की जमाखोरी या कालाबाजारी करता पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का उद्देश्य बाजार में चीनी की नियमित आपूर्ति बनाए रखना और उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशानी से बचाना है।
कैथल शुगर एसोसिएशन के जिला प्रधान नीरज मक्कड़ ने कहा कि चीनी जैसी आवश्यक खाद्य वस्तु के कारोबार में पारदर्शिता बनाए रखना बेहद जरूरी है। सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि बाजार में वास्तविक मांग के अनुसार चीनी की पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे। उन्होंने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन ईमानदारी से कारोबार करने वाले व्यापारियों को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।
नीरज मक्कड़ ने कहा कि प्रशासन को व्यापारियों, चीनी मिलों और संबंधित संगठनों के साथ समन्वय बनाकर बाजार में उपलब्ध स्टॉक और रोजाना की मांग की स्थिति की निगरानी करनी चाहिए। इससे अफवाहों पर रोक लगाने के साथ-साथ लोगों में अनावश्यक खरीदारी की होड़ यानी पैनिक बाइंग को भी नियंत्रित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि चीनी व्यापारी सरकार और जिला प्रशासन के साथ पूरा सहयोग करेंगे।
त्योहारी सीजन में चीनी की मांग बढ़ने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और व्यापारियों के बीच समन्वय को महत्वपूर्ण माना जा रहा है, ताकि बाजार में पर्याप्त आपूर्ति बनी रहे और उपभोक्ताओं को बढ़ी कीमतों के साथ-साथ उपलब्धता की समस्या का सामना न करना पड़े।