Summer express/शिमला/संजू -:हिमाचल प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय गान और राष्ट्र गीत के कथित अपमान को लेकर चल रहा विवाद अब और गहरा गया है। भाजपा विधायक दल ने विधानसभा सचिवालय से मिलने के बाद कांग्रेस के उन आरोपों को खारिज किया है, जिसमें भाजपा विधायकों पर राष्ट्रीय गान के अपमान का आरोप लगाया गया था। भाजपा विधायक विपिन परमार ने कहा कि विधायकों ने राष्ट्रगान का पूरा सम्मान किया और किसी भी तरह से इसका अपमान नहीं किया।
भाजपा विधायक विपिन सिंह परमार, सुधीर शर्मा सहित अन्य विधायकों ने पत्रकार वार्ता कर सरकार और मुख्यमंत्री पर इस मामले को लेकर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया। भाजपा विधायक विपिन परमार ने कहा कि सदन के अंदर की वास्तविक स्थिति अब वीडियो के माध्यम से सामने आ गई है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा विधायकों ने राष्ट्रगान के प्रति पूरा सम्मान दिखाया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि राष्ट्रगान के दौरान भाजपा विधायक अपनी सीटों पर मौजूद थे और राष्ट्रगान पूरा होने तक उसका सम्मान किया गया। उनका आरोप है कि कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए पूरे मामले को गलत तरीके से पेश किया और भाजपा विधायकों पर राष्ट्रगान के अपमान जैसे गंभीर आरोप लगाए।भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री सहित सत्तापक्ष के नेताओं ने विधानसभा के भीतर और बाहर इस मामले को लेकर ऐसे बयान दिए, जिससे जनता के बीच विपक्ष के खिलाफ गलत संदेश गया। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस ने इस मुद्दे को जिला स्तर तक पहुंचाकर धरने और प्रदर्शन करवाए और भाजपा विधायकों को बदनाम करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि यदि सरकार के पास राष्ट्रगान के अपमान का कोई ठोस प्रमाण था तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए था। भाजपा नेताओं का कहना है कि अब सदन के अंदर का वीडियो सामने आने के बाद उनका पक्ष स्पष्ट हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेताओं से अपने आरोप वापस लेने तथा सदन के भीतर माफी मांगने की मांग की।