summer express ,सोनीपत। गन्नौर नगर पालिका के उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में नरेश वर्मा ने जीत हासिल कर ली है। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी शमशेर सैनी को दो वोटों के अंतर से हराकर उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। चुनाव परिणाम सामने आने के बाद नरेश वर्मा के समर्थकों में खुशी का माहौल देखने को मिला।
उपचुनाव के बाद मंगलवार को उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई। मतगणना में नरेश वर्मा को कुल 10 वोट मिले, जबकि शमशेर सैनी के पक्ष में 8 पार्षदों ने मतदान किया। इस तरह नरेश वर्मा ने 2 वोट के अंतर से जीत दर्ज की।
नतीजे घोषित होने के बाद समर्थकों ने नरेश वर्मा का स्वागत किया और जीत की खुशी मनाई। नरेश वर्मा ने उन्हें समर्थन देने वाले सभी पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिलने के बाद नगर पालिका के विकास और शहर की समस्याओं के समाधान के लिए प्राथमिकता के साथ काम किया जाएगा।
चुनाव परिणाम के बाद गन्नौर नगर पालिका की राजनीति में भी नई तस्वीर सामने आई है। अब लोगों की नजर नए उपाध्यक्ष के सामने आने वाली जिम्मेदारियों और नगर पालिका के विकास कार्यों पर रहेगी।