summer express, बेंगलुरु। कर्नाटक के श्रीरंगपट्टनम स्थित एक मंदिर में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस अधिकारी और विधायक की बेटी के बीच हुई झड़प का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में दोनों के बीच बहस के बाद एक-दूसरे को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। घटना 12 अगस्त की रात करीब 8:15 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, मंदिर में भीम अमावस्या के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान तुमकुरु ग्रामीण क्षेत्र के विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या भी दर्शन के लिए मंदिर पहुंचीं। ऐश्वर्या गर्भगृह में प्रवेश करना चाहती थीं, लेकिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने उन्हें तत्काल अंदर जाने की अनुमति नहीं दी।
इसी बात को लेकर ऐश्वर्या और ड्यूटी पर तैनात मांड्या महिला पुलिस थाने की सब-इंस्पेक्टर सविता बी. पाटिल के बीच बहस शुरू हो गई। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दोनों के बीच कहासुनी के बाद ऐश्वर्या द्वारा पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद पुलिस अधिकारी ने भी जवाब में ऐश्वर्या को थप्पड़ मारा। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को अलग करने के लिए बीच-बचाव किया।
महिला पुलिस अधिकारी सविता पाटिल ने ऐश्वर्या के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बदसलूकी करने, थप्पड़ मारने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
घटना के बाद विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने अपनी बेटी की ओर से माफी मांगी थी। हालांकि, उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि मंदिर में उनकी बेटी के साथ महिला पुलिस अधिकारी ने कथित तौर पर बदसलूकी की थी, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
विधायक ने कहा कि उनकी बेटी मंदिर में दर्शन करने गई थी और गर्भगृह में जाना चाहती थी। पुलिस द्वारा रोकने के दौरान कथित तौर पर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हुआ। विधायक ने घटना पर खेद जताते हुए माफी मांगी और मामले में पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर भी सवाल उठाए।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। पुलिस शिकायत और वीडियो फुटेज के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।