Summer express/धर्मशाला, राहुल -:बरसात के मौसम के साथ धर्मशाला वन मंडल में पौधारोपण अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। वन विभाग की ओर से विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत वन मंडल के अलग-अलग क्षेत्रों में बड़े स्तर पर पौधे रोपे जा रहे हैं। इस वर्ष कंपन्सेट्री अफॉरेस्टेशन के तहत करीब 70 हेक्टेयर क्षेत्र में लगभग 80 हजार पौधे लगाए गए हैं। वहीं, एनपीवी योजना के तहत 103 हेक्टेयर क्षेत्र में करीब एक लाख पौधे रोपे गए हैं। शाहपुर, कांगड़ा और धर्मशाला सब-डिवीजन के विभिन्न क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया है।
डीएफओ धर्मशाला अमित शर्मा ने बताया कि सरकार की राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत इस बार धर्मशाला वन मंडल को 70 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण का लक्ष्य मिला है। योजना के तहत महिला मंडलों, युवक मंडलों और स्वयं सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। खास बात यह है कि यह योजना प्रोत्साहन आधारित है। पौधारोपण के एक वर्ष बाद यदि लगाए गए पौधों में 50 प्रतिशत से अधिक पौधे जीवित पाए जाते हैं, तो संबंधित महिला मंडल, युवक मंडल या स्वयं सहायता समूह को अगले वर्ष एक लाख रुपये तक की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।अमित शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष भी राजीव गांधी वन संवर्धन योजना के तहत 28 हेक्टेयर क्षेत्र में पौधारोपण किया गया था। इसके अलावा वन विभाग की ओर से वन महोत्सव के साथ-साथ विधानसभा क्षेत्रवार पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण और पौधों की देखभाल से जोड़ना है।उन्होंने बताया कि 27 अगस्त की शाम सतोबरी में ‘वृक्षबंधु’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पौधारोपण के साथ पौधों को राखी बांधकर उनकी रक्षा और सुरक्षा का संकल्प लिया जाएगा। इस आयोजन में वन विभाग के परिवारों के साथ मीडिया कर्मियों को भी शामिल किया जाएगा।