summer express ,अंकुर कपूर, गुरुग्राम। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा निवास में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस, हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर प्रदेश में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन पर भी खुशी जताई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में भारत ने 39 पदक हासिल कर चौथा स्थान प्राप्त किया है। इनमें से 10 पदक हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते हैं। भारत को मिले 13 स्वर्ण पदकों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने सात स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जिनमें पांच महिला खिलाड़ियों की उपलब्धियां शामिल हैं। उन्होंने इस सफलता के लिए खिलाड़ियों और देशवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बनाई गई मजबूत खेल नीति का परिणाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी 9 अगस्त से प्रदेश में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जाएगा। यह अभियान 17 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2022 में आजादी का अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की थी। आज यह अभियान एक बड़े जनआंदोलन का रूप ले चुका है। इस वर्ष अभियान को ‘वंदे मातरम’ से जोड़ा गया है, जिससे नई पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और स्वतंत्रता संग्राम की भावना से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी का राष्ट्रीय उत्सव है। स्कूलों और कॉलेजों में तिरंगे तथा वंदे मातरम के इतिहास से संबंधित प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा निबंध, चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताओं के साथ स्थानीय स्वतंत्रता सेनानियों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 9 अगस्त को महेंद्रगढ़ में वंदे मातरम की भावना से ओतप्रोत तिरंगा कॉन्सर्ट आयोजित किया जाएगा। वहीं ‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान को प्रमुख डिजिटल गतिविधि के रूप में आगे बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान और मर्यादा के साथ फहराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर भी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त 2021 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाने की घोषणा की थी। इसी कड़ी में आगामी 14 अगस्त को प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तरीय समारोह गुरुग्राम में होगा, जहां 13 अगस्त को विभाजन से जुड़ी एक प्रदर्शनी लगाई जाएगी। कार्यक्रम का समापन 14 अगस्त की शाम कैंडल लाइट मौन यात्रा के साथ होगा।
मुख्यमंत्री ने श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकट दिवस को लेकर चल रहे समरसता संकल्प अभियान का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 को शुरू हुआ यह अभियान 20 फरवरी 2027 तक चलेगा। अभियान की शुरुआत संत गुरु रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी से हुई थी। वहां पवित्र मिट्टी से युक्त कलशों का पूजन कर उन्हें विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों को सौंपा गया। इसके बाद वाराणसी से शुरू हुई कलश यात्रा देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरु रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी गुरुग्राम पहुंच चुकी है। कलश यात्रा के स्वागत के लिए गुरुग्राम स्थित माता शीतला मंदिर परिसर में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगामी 5 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक पंजाब के डेरा सचखंड से वाराणसी स्थित गुरु रविदास जी की जन्मस्थली तक श्री गुरु रविदास महाराज समरसता यात्रा निकाली जाएगी। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि प्रदेश की जनता इन सभी आयोजनों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगी।