Summer express , नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के तिलक नगर इलाके में 21 वर्षीय युवती की उसके घर में चाकू से हमला कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान मुस्कान के रूप में हुई है। वह पढ़ाई के साथ पार्ट-टाइम मॉडलिंग भी करती थी। पुलिस ने वारदात में उसके जिम ट्रेनर इमरान की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मुस्कान तिलक नगर की एक बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर स्थित अपने घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी के वहां पहुंचने और उस पर चाकू से हमला करने की बात सामने आई है। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
मुस्कान की चीखें सुनकर आसपास के लोग उसके घर पहुंचे। वहां युवती खून से लथपथ हालत में मिली। पड़ोसियों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
मुस्कान तीन बहनों में सबसे छोटी थी। उसके दोस्त अमन के मुताबिक, घटना की जानकारी मिलने के बाद मुस्कान की बड़ी बहन ने उसे फोन कर घर पहुंचने को कहा। अमन ने बताया कि जब वह मौके पर पहुंचा, तब तक एंबुलेंस मुस्कान को अस्पताल ले जा चुकी थी।
CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कथित आरोपी इमरान वारदात के बाद घर से बाहर निकलकर भागता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस इसी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है।
एडिशनल डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अभिषेक गुप्ता ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है। पुलिस वारदात के पीछे की वजह जानने के लिए मृतका के परिचितों और परिवार से भी जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।