Summer express, रामपुर। उपतहसील तकलेच में पुल के समीप रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 64 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनका 40 वर्षीय बेटा घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 30 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरी। घायल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच में उपचार दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार कार संख्या एचपी 63सी-3943 (वेन्यू) को गांव थेड़ा, डाकघर तकलेच निवासी जगदीश चंद (40) पुत्र निका राम चला रहे थे। उनके साथ उनके पिता निका राम (64) पुत्र डागू राम भी कार में सवार थे। बताया जा रहा है कि वीरवार रात करीब 8:30 बजे तकलेच पुल के पास पहुंचने पर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क से नीचे खड्ड में जा गिरी।
हादसे में निका राम को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं चालक जगदीश चंद घायल हो गए। आसपास के लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तकलेच पहुंचाया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस थाना रामपुर के प्रभारी रमेश नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।