Summer express, यमुनानगर। रक्षाबंधन से पहले एक परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। कॉलेज से लौटकर पिता के साथ राखी खरीदने बाजार जाने की तैयारी कर रही 20 वर्षीय बीबीए छात्रा को जगाधरी बस स्टैंड के पास एक निजी बस ने कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्रा की तड़के उपचार के दौरान मौत हो गई।
मृतका की पहचान अपर्णा के रूप में हुई है। वह बीबीए की छात्रा थी। परिजनों के अनुसार, अपर्णा सुबह कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। शाम करीब पांच बजे वह कॉलेज से लौटकर सरकारी बस से जगाधरी बस स्टैंड पहुंची। बस से उतरने के बाद वह अपने पिता प्रदीप कुमार की ओर पैदल जा रही थी।
इसी दौरान एक निजी बस की चपेट में आने से अपर्णा गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे उपचार के लिए यमुनानगर के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। छात्रा की हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उसे दूसरे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
परिजनों के अनुसार, अपर्णा का उपचार चल रहा था, लेकिन गुरुवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। रक्षाबंधन के लिए पिता के साथ बाजार जाकर राखी खरीदने की तैयारी कर रही बेटी की मौत से परिवार सदमे में है।
शिकायतकर्ता प्रदीप कुमार ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कॉलेज से लौटने के बाद उनके पास आ रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही निजी बस ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।