Summer express, धर्मवीर, मंडी। विदेश में नौकरी करने के इच्छुक हिमाचल प्रदेश के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए इजराइल में रोजगार का अवसर आया है। भारत सरकार के अधीन राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम लिमिटेड के माध्यम से इजराइल में होम बेस्ड केयरगिवर के पदों पर भर्ती की जा रही है। इच्छुक अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं।
जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को शुरुआत में दो वर्ष के अनुबंध पर नियुक्त किया जाएगा। निर्धारित प्रक्रिया और प्रदर्शन के आधार पर अनुबंध आगे बढ़ाया भी जा सकता है। इस भर्ती के लिए प्रदेशभर के इच्छुक युवक और युवतियां आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि केयरगिविंग सेवाओं से संबंधित अभ्यर्थियों के पास कम से कम 990 घंटे का मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण होना आवश्यक है। इसमें ऑन-जॉब ट्रेनिंग (ओजेटी) भी शामिल है। इसके अलावा सक्षम भारतीय नियामक प्राधिकरण से मान्यता प्राप्त प्रमाणपत्र रखने वाले अभ्यर्थी भी पात्र हो सकते हैं। नर्सिंग, फिजियोथेरेपी, नर्स असिस्टेंट या मिडवाइफरी में मान्यता प्राप्त संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए जीडीए, एएनएम, जीएनएम, बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बीएससी नर्सिंग जैसी योग्यताएं रखने वाले अभ्यर्थियों को भी पात्र बताया गया है। पद के लिए कुल मासिक वेतन 6,443.85 न्यू इजरायली शेकेल (एनआईएस) निर्धारित है, जो मौजूदा विनिमय दर के अनुसार करीब 1.99 लाख रुपये प्रतिमाह के बराबर है। इसमें मूल वेतन के अलावा मेडिकल इंश्योरेंस, भोजन, आवास भत्ता और अन्य मदें शामिल हैं।
जिला रोजगार अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों के तहत बीमा, आवास, भोजन और अन्य सुविधाओं के लिए कटौती की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थी को वास्तविक इन-हैंड वेतन करीब एक लाख रुपये प्रतिमाह मिल सकता है। अभ्यर्थियों को वेतन और कटौतियों से संबंधित नियमों को आवेदन से पहले ध्यानपूर्वक समझने की सलाह दी गई है।
अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि चयनित अभ्यर्थियों को इजराइल भेजे जाने और अनुबंध पर हस्ताक्षर से पहले करीब 1,47,086 रुपये का खर्च स्वयं वहन करना होगा। यह अनुमानित राशि परिस्थितियों के अनुसार बदल सकती है। इसके अतिरिक्त वीजा प्रोसेसिंग शुल्क भी अभ्यर्थी को ही देना होगा।
इस खर्च में पंजीकरण शुल्क, मेडिकल जांच, पुलिस रिपोर्ट, जरूरत पड़ने पर पासपोर्ट शुल्क, इंटरव्यू की वीडियो रिकॉर्डिंग और इजराइल स्थित प्लेसमेंट ब्यूरो की बास्केट ऑफ सर्विस की पहली किस्त शामिल है। भारत से इजराइल जाने और वापस आने की हवाई यात्रा का खर्च भी चयनित अभ्यर्थी को स्वयं उठाना होगा।
अभ्यर्थियों के लिए कुछ अन्य शर्तें भी निर्धारित की गई हैं। आवेदन करने वाले व्यक्ति का इजराइल में पहले का कार्य अनुभव नहीं होना चाहिए। इसके अलावा उसका कोई निकटतम पारिवारिक सदस्य इजराइल में निवास या नौकरी नहीं कर रहा होना चाहिए।
इच्छुक अभ्यर्थी 1 सितंबर 2026 तक दिए गए गूगल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। जिला रोजगार अधिकारी ने प्रदेशभर के पात्र युवक-युवतियों से समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।