Summer express/शिमला,संजू-: गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद लोगों के लिए ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ संस्था लगातार राहत और सहयोग का माध्यम बन रही है। संस्था ने कैंसर से पीड़ित दो मरीजों के उपचार के लिए कुल 1 लाख 21 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान कर सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश की।हिमाचल प्रदेश सचिवालय, शिमला में मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान से शिष्टाचार भेंट के दौरान संस्था के प्रधान संजीव शर्मा ने दोनों मरीजों के उपचार के लिए सहायता राशि के चेक सौंपे। संस्था की ओर से कैंसर पीड़ित जितेंद्र कुमार के इलाज के लिए 1 लाख रुपये, जबकि शिमला के वरिष्ठ पत्रकार एवं कैंसर से जूझ रहे रमेश चंद वर्मा के उपचार के लिए 21 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी गई।
इस अवसर पर नरेश चौहान ने ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ द्वारा गंभीर बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर बीमारी के दौरान मरीज और उसके परिवार को इलाज के साथ आर्थिक एवं मानसिक सहयोग की भी आवश्यकता होती है। ऐसे कठिन समय में सामाजिक संस्थाओं का आगे आकर मदद करना समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाता है।शिष्टाचार भेंट के दौरान संस्था के चेयरमैन प्रदीप चौहान और समाजसेवी ममता शर्मा भी मौजूद रहीं।संस्था इससे पहले भी कैंसर सहित विभिन्न गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जरूरतमंद मरीजों की उपचार में आर्थिक सहायता कर चुकी है। इसके अलावा ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ ने कई क्रिटिकल केयर मरीजों के उपचार में सहयोग देकर उनकी जिंदगी बचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।संस्था के प्रधान संजीव शर्मा ने कहा कि ‘ज़िंदगी रिटर्न्स’ का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक अभाव किसी जरूरतमंद के इलाज में बाधा न बने। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में भी गंभीर रूप से बीमार और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए अपने प्रयास जारी रखेगी। संस्था का प्रयास है कि बीमारी से जूझ रहे हर व्यक्ति को इलाज के साथ उम्मीद और भरोसे का सहारा भी मिल सके।