Summer express, सोनीपत। शनिवार सुबह यमुना नदी में नहाने के दौरान दो सगे भाइयों के डूबने से सनपेड़ा गांव में हड़कंप मच गया। 15 वर्षीय सत्यम और उसका 17 वर्षीय भाई शिवम अपने दोस्त प्रिंस (16) के साथ बेगा घाट के पास यमुना नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों भाई नदी की तेज धारा की चपेट में आकर बह गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों ने दोनों भाइयों को तलाशने का प्रयास शुरू किया और प्रशासन को सूचना दी। इसके बाद गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बावजूद अब तक दोनों भाइयों का कोई पता नहीं चल पाया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नहाते समय नदी का बहाव काफी तेज था। इसी दौरान सत्यम और शिवम गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। उनके साथ गए प्रिंस के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
पुलिस और प्रशासन की निगरानी में गोताखोर लगातार नदी में दोनों किशोरों की तलाश कर रहे हैं। नदी के तेज बहाव के कारण रेस्क्यू टीम को अभियान में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। घटना की सूचना मिलने के बाद दोनों भाइयों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों के लापता होने से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।