Facebook-f Youtube Summer Express - Header One X-twitter

मोहाली में अस्पतालों व संस्थानों के बाहर अवैध पार्किंग बनी रोजमर्रा की परेशानी

गुरशरण सिंह | सुरिंदर सिंह
मोहाली | समर न्यूज
मोहाली में बड़े अस्पतालों, सरकारी संस्थानों और कॉरपोरेट कंपनियों के बाहर सड़क किनारे हो रही पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर गाड़ियां खड़ी करने से रोजाना जाम की स्थिति पैदा हो रही है। पीक आवर्स में हालात और खराब हो जाते हैं, जिससे आम वाहन चालकों, मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पार्क ग्रीशियन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल सेक्टर-69 मोहाली के बाहर सड़क पर बड़ी संख्या में वाहन खड़े होने के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों द्वारा सड़क किनारे वाहन पार्क करने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है और कई बार संबंधित विभागों के ध्यान में मामला लाए जाने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं निकल पाया।

चालान के बावजूद नहीं सुधर रहे हालात
लोगों के मुताबिक ट्रैफिक पुलिस की ओर से समय-समय पर गलत पार्किंग करने वाले वाहनों के चालान किए जाते हैं, लेकिन कार्रवाई के बाद भी समस्या दोबारा सामने आ जाती है। निवासियों का कहना है कि केवल चालान करने से स्थायी समाधान नहीं होगा। अस्पतालों और बड़े संस्थानों के साथ मिलकर पर्याप्त और व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था करना जरूरी है।

लिवासा अस्पताल के सामने भी हालात खराब
सेक्टर-71 स्थित लिवासा अस्पताल के सामने भी पार्किंग को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल के सामने गमाडा की खाली जमीन पड़ी है, जहां मरीजों को दिखाने के लिए आने वाले कई लोग अपने वाहन खड़े कर देते हैं। इसके बावजूद कुछ वाहन सड़क किनारे भी पार्क किए जाते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है।
लिवासा अस्पताल के साथ ही मटौर थाना होने के कारण इस इलाके में आमतौर पर काफी भीड़ रहती है। अस्पताल, थाना और आसपास की आवाजाही के चलते यहां अक्सर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और लोगों को जाम जैसी स्थिति का सामना करना पड़ता है।

फोर्टिस और गमाडा के सामने भी परेशानी
मोहाली में फोर्टिस अस्पताल और गमाडा कार्यालय के सामने भी सड़क किनारे पार्किंग की समस्या पुरानी है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है। पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण कई वाहन सड़क पर खड़े किए जाते हैं, जिससे आसपास की सड़कों पर यातायात का दबाव बढ़ जाता है।

पार्क ग्रीशियन अस्पताल के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ियां बनीं परेशानी: पार्षद कुलदीप कौर धनोआ
वार्ड नंबर-13 की पार्षद कुलदीप कौर धनोआ ने बताया कि पार्क ग्रीशियन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के बाहर सड़क पर गाड़ियां खड़ी रहने से सेक्टर-69 की ओर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर सेक्टर के वरिष्ठ नागरिक अस्पताल के सीईओ से मुलाकात कर समाधान की मांग कर चुके हैं। अस्पताल प्रबंधन ने समस्या के समाधान के लिए एक सप्ताह का समय मांगा था, लेकिन 15 दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक कोई उचित समाधान नहीं निकल पाया है। पार्षद ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन को पार्किंग की समस्या का स्थायी समाधान करना जरूरी है, ताकि सड़क पर वाहनों की पार्किंग से लोगों को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे।

पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने पार्किंग नीतियों का पालन न होने पर उठाए सवाल
मोहाली के पूर्व डिप्टी मेयर कुलजीत सिंह बेदी ने कहा कि गमाडा की ओर से जारी पार्किंग नीतियों का सही तरीके से पालन नहीं हो रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका भी दायर की है। इसके तहत गमाडा की ओर से कुछ नियमों में सुधार किए गए हैं।
बेदी ने कहा कि पूरे मोहाली में पार्किंग व्यवस्था सही नहीं है और गमाडा को अपनी पार्किंग नीति में बदलाव करने की जरूरत है। उन्होंने दिल्ली की तर्ज पर पार्किंग नीति लागू करने की मांग की। डिप्टी मेयर ने अस्पतालों और कंपनियों की पार्किंग व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि कई संस्थानों ने बेसमेंट को पार्किंग के तौर पर दिखाकर एनओसी हासिल की, लेकिन बाद में इन बेसमेंट का इस्तेमाल अन्य गतिविधियों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कई बेसमेंट में एक्स-रे सेंटर, दवाइयों, सफाई कर्मचारियों का सामान और अन्य सुविधाएं संचालित या रखी जा रही हैं। इससे पार्किंग की समस्या और गंभीर हो रही है।

लिवासा अस्पताल के बाहर के बाहर पार्किंग के कारण सुबह से ही लग जाता है जाम: पार्षद बचन सिंह
वार्ड नंबर-38 के पार्षद बचन सिंह बोपाराय ने बताया कि लिवासा अस्पताल के बाहर पार्किंग की काफी समस्या है। उन्होंने कहा कि सुबह ड्यूटी के समय अस्पताल के सामने अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के पास पर्याप्त पार्किंग स्थान नहीं होने के कारण लोग अपनी गाड़ियां सड़क पर खड़ी कर देते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। पार्षद ने कहा कि लिवासा अस्पताल के सामने गमाडा की काफी खाली जमीन मौजूद है, लेकिन गमाडा की ओर से उसकी उचित देखरेख नहीं की जा रही। उन्होंने सुझाव दिया कि गमाडा और अस्पताल मिलकर इस जगह की सफाई करवाएं या फिर वहां निजी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए, ताकि लोग सड़क पर गाड़ियां खड़ी न करें और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। उनका कहना है कि इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाए।

अस्पताल के अंदर पार्किंग व्यवस्था मौजूद: सीईओ डॉ. राजेश चौहान
पार्क ग्रीशियन सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के सीईओ डॉ. राजेश चौहान ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि अस्पताल के अंदर पार्किंग की व्यवस्था मौजूद है, लेकिन वहां मुख्य रूप से स्टाफ की गाड़ियां खड़ी होती हैं। अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के वाहनों के लिए अस्पताल के सामने गमाडा के खाली प्लॉट में अस्थायी पार्किंग विकल्प है। उन्होंने बताया कि अस्पताल के गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड लोगों को सड़क पर गाड़ियां खड़ी करने से रोकते हैं, लेकिन कई बार लोग सुरक्षा गार्डों से बहस और झगड़ा करने लगते हैं। हालांकि, डॉ. चौहान यह स्पष्ट नहीं कर सके कि अस्पताल आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए पार्किंग का अस्पताल के पास स्थायी विकल्प क्या है और अस्पताल की मौजूदा पार्किंग में उनकी गाड़ियां क्यों नहीं खड़ी की जा सकतीं।

admin

Horizonbeg@gmail.com https://summerexpress.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Trending

मोहाली में अस्पतालों व संस्थानों के बाहर अवैध पार्किंग बनी रोजमर्रा की परेशानी

गुरशरण सिंह | सुरिंदर सिंहमोहाली | समर न्यूजमोहाली में बड़े अस्पतालों, सरकारी संस्थानों और कॉरपोरेट कंपनियों के बाहर सड़क किनारे हो रही पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बनती जा रही है। शहर की कई प्रमुख सड़कों पर वाहन चालकों द्वारा नियमों की अनदेखी कर गाड़ियां खड़ी करने से रोजाना जाम की स्थिति पैदा हो...

प्यार और पसंद की शादी की कीमत जान देकर क्यों? पंजाब में ‘ऑनर किलिंग’ पर फिर सवाल

तरनतारन में 22 वर्षीय युवक की हत्या ने फिर बढ़ाई चिंताजुलाई में फरीदकोट में युवती की हत्या का मामला, 2025 में अमृतसर में बेटी और उसके प्रेमी की हत्या से भी दहला था राज्यसमर न्यूज | तरनतारन पंजाब में पसंद की शादी और पारिवारिक असहमति से जुड़े खूनी विवादों का सिलसिला खत्म नहीं हो रहा...

पंजाब में बदल रही जनसांख्यिकी, घट रही सिख आबादी की हिस्सेदारी

कम प्रजनन दर और विदेश पलायन आबादी में कमी के प्रमुख कारणसमर न्यूज | चंडीगढ़ पंजाब की जनसांख्यिकी में पिछले तीन दशकों के दौरान महत्वपूर्ण बदलाव आया है। आधिकारिक जनगणना के आंकड़ों के अनुसार राज्य की कुल आबादी में सिख समुदाय की हिस्सेदारी लगातार घटी है। 1991 में सिख आबादी राज्य की कुल आबादी का...

नहरों तक पानी पहुंचने से पंजाब में भूजल संकट पर कुछ राहत, खतरा अब भी गंभीर

समर न्यूज | चंडीगढ़ पंजाब के भूजल संकट के बीच नई आकलन रिपोर्ट कुछ राहत के संकेत दे रही है। राज्य में भूजल के अत्यधिक दोहन वाले ब्लॉकों की संख्या दो साल में 115 से घटकर 110 रह गई है। 153 आकलन इकाइयों में अब 110 ब्लॉक अतिदोहित, छह गंभीर, 17 अर्ध-गंभीर और 20 सुरक्षित...

पंजाब में बच्चों में कुपोषण कम पर बढ़ रही एनीमिया की चुनौती

एनएफएचएस-5 में कई मानकों पर राष्ट्रीय औसत से बेहतर पंजाब, लेकिन 71.1 प्रतिशतछोटे बच्चे एनीमिया से प्रभावित; आहार में वसा की अधिकता भी चिंता का कारण समर न्यूज | चंडीगढ़ पंजाब को अक्सर देश के अपेक्षाकृत समृद्ध राज्यों में गिना जाता है, लेकिन पोषण के मोर्चे पर तस्वीर पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। उपलब्ध सरकारी...
Summer Express - header one

हम लाते हैं तेज़, साफ़ और भरोसेमंद ख़बरें — शोर के बीच भी सच्चाई तक पहुंचाने वाली।
चाहे ब्रेकिंग न्यूज़ हो या आपके लिए अहम कहानियाँ, हर दिन हम देते हैं समझदारी और रोचक अंदाज़ में कवरेज।

Must Read

©2025- All Right Reserved.