Summer express/ऊना, राकेश-: जिले में लगातार बने गर्म मौसम और बढ़ी हुई उमस को देखते हुए विद्यार्थियों की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने 1 सितंबर, 2026 से ऊना जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों के संचालन का समय निर्धारित कर दिया है। अब जिले में स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित होंगे।इस संबंध में जिला दंडाधिकारी एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष जतिन लाल ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 33 और 34 के तहत आदेश जारी किए हैं। प्रशासन द्वारा जारी निर्देश अगले आदेश तक प्रभावी रहेंगे।
नया समय जिले के प्री-प्राइमरी, प्राइमरी, मिडिल और सेकेंडरी स्तर के सभी सरकारी तथा निजी विद्यालयों पर लागू होगा। प्रशासन ने यह निर्णय विद्यार्थियों को दिन के दौरान बढ़ती गर्मी और उमस से राहत देने के उद्देश्य से लिया है।जिले में इन दिनों तापमान के साथ-साथ वातावरण में नमी का स्तर भी अधिक बना हुआ है। ऐसे मौसम में दोपहर के समय विद्यार्थियों को गर्मी के कारण परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए स्कूलों की छुट्टी दोपहर 2 बजे करने का निर्णय लिया गया है, ताकि बच्चों को दिन के अधिक गर्म समय में अनावश्यक रूप से बाहर न रहना पड़े।जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन से नए समय के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करने को कहा है। स्कूलों को विद्यार्थियों की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए हैं।प्रशासन का कहना है कि मौसम की परिस्थितियों की समीक्षा के बाद आवश्यकता के अनुसार स्कूलों के समय में आगे भी बदलाव किया जा सकता है। फिलहाल यह व्यवस्था 1 सितंबर से अगले आदेश तक लागू रहेगी।