Summer express, पलवल (सुंदर कुंडू)। हरियाणा के पलवल जिले में कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के श्रद्धालुओं से भरी पिकअप गाड़ी खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना में छह श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं, जबकि 14 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए पलवल के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के किशनपुर मुरैया, मकोया, चांदा और आसपास के गांवों के करीब 21 लोग रक्षाबंधन के अवसर पर धार्मिक यात्रा के लिए निकले थे। सभी शुक्रवार को टाटा पिकअप में सवार होकर विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुए थे। सोमवार शाम को राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर और सालासर बालाजी के दर्शन करने के बाद श्रद्धालु मथुरा के वृंदावन जाने के लिए रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि देर रात सभी श्रद्धालु पिकअप में सवार होकर मथुरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान केएमपी एक्सप्रेसवे पर पिकअप सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद वाहन में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
आसपास मौजूद लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। हालांकि, छह श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि पिकअप चालक को नींद की झपकी आने के कारण हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस के अनुसार, श्रद्धालुओं ने टाटा पिकअप में लोहे के सरिए और जाल लगाकर ऊपर एक अतिरिक्त हिस्सा बना रखा था, जिससे वाहन डबल डेकर जैसा हो गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक से टक्कर के बाद पिकअप का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। नीचे बैठे यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर गए, जबकि ऊपर बने हिस्से में बैठे लोग भी नीचे आ गिरे। इससे कई यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।
फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। घायलों का पलवल के सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है और पुलिस दुर्घटना के कारणों के साथ-साथ वाहन की स्थिति और चालक की भूमिका की भी जांच कर रही है।