Summer express ,कुरुक्षेत्र । पिहोवा शहर में बुलेट मोटरसाइकिल के मॉडिफाइड साइलेंसर से तेज आवाज में पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करने वाले चालक पर पुलिस ने कार्रवाई की है। यातायात नियमों की अनदेखी करने पर पिहोवा पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक का 20,500 रुपये का चालान काटा।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद तेज आवाज में पटाखे बजाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर या किसी अन्य तरीके से मोटरसाइकिल से तेज आवाज करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पिहोवा थाना प्रभारी सुनील वत्स ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय दूसरों की सुरक्षा और आमजन की शांति का ध्यान रखना जरूरी है। बुलेट या किसी अन्य मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
एसएचओ सुनील वत्स ने आम लोगों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई व्यक्ति बुलेट या अन्य मोटरसाइकिल से पटाखे बजाकर लोगों को परेशान करता है तो उसकी फोटो या वीडियो बनाकर पुलिस को भेजें। सूचना मिलने पर वाहन और चालक की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।