Summer express , अमृतसर। पंजाब में इस बार मानसून उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। अगस्त महीने में प्रदेश में सामान्य से करीब 39 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अगस्त में सामान्य बारिश 146.2 मिलीमीटर होनी चाहिए थी, जबकि इस दौरान केवल 88.7 मिलीमीटर बारिश हुई।
जून से अगस्त तक भी प्रदेश में बारिश की कमी बनी रही। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, एक जून से 31 अगस्त के बीच पंजाब में सामान्य 362.1 मिलीमीटर के मुकाबले 230.5 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस तरह मानसून सीजन की इस अवधि में प्रदेश में करीब 36 प्रतिशत कम बारिश हुई है। लगातार कम बारिश के कारण कृषि क्षेत्र के साथ भूजल स्तर को लेकर भी चिंता बढ़ी है।
31 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहा। पठानकोट में 3.5 मिलीमीटर और थीन बांध क्षेत्र में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। राज्य का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन यह सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। फरीदकोट में दिन का सबसे अधिक तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस रहा।
1 सितंबर को प्रदेश में किसी तरह का मौसम अलर्ट जारी नहीं किया गया है। हालांकि, हिमाचल प्रदेश से लगते कुछ जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। 2 सितंबर से मौसम में बदलाव के संकेत हैं। पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर और साहिबजादा अजीत सिंह नगर में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
3 सितंबर को पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में भारी बारिश की संभावना है। 4 सितंबर को भी इन जिलों में बारिश को लेकर चेतावनी जारी रहेगी। अन्य जिलों में इस दौरान हल्की बारिश होने के आसार हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में उत्तर और पूर्वी पंजाब में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इससे बारिश की कमी वाले क्षेत्रों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, मानसून सीजन में अब तक हुई कम बारिश को देखते हुए कुछ दिनों की बारिश से प्रदेश में बारिश की कुल कमी पूरी होने की संभावना कम है।
तापमान की बात करें तो 31 अगस्त को पटियाला में 35.7 डिग्री, अमृतसर में 35.5 डिग्री, चंडीगढ़ और लुधियाना में 35 डिग्री, मोहाली में 34.1 डिग्री और जालंधर में 32.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।