Summer express, नारनौल। महेंद्रगढ़ जिले के निजामपुर थाना क्षेत्र के गांव ब्राह्मणवास नौ स्थित प्रसिद्ध बाबा रामेश्वरदास मंदिर में प्राचीन आदमकद प्रतिमा हटाए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर ट्रस्ट के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता की शिकायत पर पुलिस ने ट्रस्ट प्रधान सुरेश केडिया समेत छह नामजद लोगों और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में बिना सहमति प्रतिमा हटाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।
ओमप्रकाश गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 2 सितंबर को मंदिर के सभी गेट बंद कर श्रद्धालुओं को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद बाबा रामेश्वरदास की समाधि पर स्थापित प्राचीन आदमकद प्रतिमा को हटाकर वाहन में ले जाया गया। उनका आरोप है कि यह कार्रवाई ट्रस्ट के अन्य सदस्यों और श्रद्धालुओं की सहमति के बिना की गई, जिससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायत के अनुसार, 3 अगस्त 2026 को ट्रस्ट की बैठक में अधिकांश सदस्यों ने पुरानी प्रतिमा को हटाने या बदलने का विरोध किया था। इसके बावजूद 2 सितंबर को प्रतिमा को उसके स्थान से हटाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलने के बाद एसआई विजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मंदिर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, मौके पर बाबा रामेश्वरदास की समाधि पर स्थापित प्राचीन प्रतिमा नहीं मिली। इसके बाद शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(D), 298, 299 और 61(2) समेत अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
शिकायत में जयपुर निवासी ट्रस्ट प्रधान सुरेश केडिया, दिल्ली निवासी सागरमल शर्मा, पालम निवासी हनुमान भारद्वाज, खरखड़ा-पाटन निवासी हरदयान, बसई निवासी नरेंद्र जांगड़ा और नांगलिया निवासी नाथजोगी को नामजद किया गया है। शिकायतकर्ता ने इन लोगों पर प्रतिमा हटाने की कार्रवाई में शामिल होने का आरोप लगाया है।
निजामपुर थाना प्रभारी धर्मसिंह ने बताया कि उपाध्यक्ष की शिकायत के आधार पर छह नामजद लोगों समेत अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और उपलब्ध साक्ष्यों व संबंधित पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मामले में ट्रस्ट प्रधान सुरेश केडिया का पक्ष जानने के लिए उनके मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। उनका पक्ष सामने आने पर उसे भी खबर में शामिल किया जाएगा।