Summer express, नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थकों ने शुक्रवार को दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास समेत कई समर्थक शामिल हुए। प्रदर्शनकारी खुद को हिंदुत्व इन्फ्लुएंसर बताने वाले स्वतंत्र भारद्वाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। भारद्वाज पर एक प्रदर्शनकारी छात्र के पिता के साथ कथित मारपीट का आरोप है।
प्रदर्शन की वजह एक वायरल इंटरव्यू को बताया जा रहा है। इस इंटरव्यू में स्वतंत्र भारद्वाज ने कथित तौर पर दावा किया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान उन्होंने CJP कार्यकर्ता निशु आजाद के पिता संजय कुमार के साथ मारपीट की थी। इंटरव्यू सामने आने के बाद CJP समर्थकों ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई और संजय कुमार को न्याय दिलाने की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस पर आरोपी के खिलाफ पर्याप्त कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाते हुए पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जानी चाहिए।
हालांकि, दिल्ली पुलिस ने संजय कुमार की खोपड़ी में फ्रैक्चर होने के दावे को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर पर हुई हाथापाई में संजय कुमार को मामूली चोटें आई थीं। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था और मामले की जांच की जा रही है।
प्रदर्शन को देखते हुए पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ बैरिकेडिंग भी की गई। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान स्थिति पर नजर बनाए रखी।