summer express , रेवाड़ी। कमालपुर गांव में भाड़ावास रोड स्थित एचपीसीएल प्लांट के पास देर शाम खाली पड़ी जमीन में एक किसान का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान कमालपुर निवासी 40 वर्षीय जितेंद्र यादव के रूप में हुई है। उसके सिर पर चोट के निशान मिले हैं। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने उसके पुराने दोस्त और एक कंस्ट्रक्शन ठेकेदार पर हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि, हत्या के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र यादव गांव में रहकर खेती-बाड़ी करता था। शाम भाड़ावास रोड पर एचपीसीएल प्लांट के नजदीक खाली जमीन में लोगों ने उसका शव पड़ा देखा। शव मिलने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने गांव के सरपंच और पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जितेंद्र यादव के परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उसके पिता का करीब दो वर्ष पहले निधन हो चुका है। अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने जितेंद्र की मौत को सामान्य घटना मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि जितेंद्र के पुराने दोस्त और कंस्ट्रक्शन ठेकेदार की इस मामले में भूमिका हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चलने की उम्मीद है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा पुलिस अन्य संभावित साक्ष्यों और घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।