summer express , रोहतक। मानसून की बारिश के अंतिम दौर के बीच रोहतक जिले में डेंगू का संक्रमण तेजी से बढ़ता नजर आ रहा है। सितंबर के शुरुआती आठ दिनों में ही डेंगू के 8 नए मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। जिला स्वास्थ्य विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, जिले में इस समय डेंगू के कुल 13 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, डेंगू का संक्रमण शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में पाया गया है। कुल 13 मरीजों में 8 शहरी क्षेत्र और 5 ग्रामीण इलाकों से हैं। संक्रमित मरीजों में 8 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं। शहर के उत्तम विहार, सुखपुरा चौक, सेक्टर-3, सेक्टर-14, सैनिक कॉलोनी, कमल कॉलोनी, शीतल नगर और शोरा कोठी से डेंगू के मामले सामने आए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में खेड़ी साध, मकडोली कलां और मदीना जिंदरान गांव में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार, वर्तमान में डेंगू के 13 मरीजों में से केवल एक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि बाकी 12 मरीजों का इलाज घर पर ही चल रहा है। किसी क्षेत्र में डेंगू का मरीज मिलने की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग की रैपिड रेस्पॉन्स टीम मौके पर पहुंच रही है और मरीज के परिवार के सदस्यों के रक्त नमूने लेकर जांच कर रही है।
जिले में अब तक 2,485 लोगों के रक्त नमूनों की जांच की जा चुकी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल जिले में मलेरिया और चिकनगुनिया का कोई मामला सामने नहीं आया है। डेंगू की रोकथाम के लिए मलेरिया निरोधक विभाग की टीमें भी लगातार अभियान चला रही हैं।
स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर मच्छरों के लार्वा की जांच करने के साथ एंटी-लार्वा दवाओं का छिड़काव कर रही हैं। जांच के दौरान जिन घरों, दुकानों या अन्य परिसरों में जमा पानी में मच्छरों का लार्वा मिला, वहां नोटिस जारी किए गए हैं। अब तक 1,214 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अधिकारी और कर्मचारी कूलर, पानी की टंकियों तथा पानी जमा होने वाले अन्य स्थानों की भी जांच कर रहे हैं।
हालांकि पिछले साल की तुलना में इस वर्ष डेंगू की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। वर्ष 2025 में जिले में डेंगू के कुल 205 मामले सामने आए थे और 4,072 नोटिस जारी किए गए थे। वहीं वर्ष 2026 में अब तक 13 मामले सामने आए हैं और 1,214 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद सितंबर की शुरुआत में मामलों में अचानक हुई बढ़ोतरी को स्वास्थ्य विभाग गंभीरता से ले रहा है।
विशेषज्ञों के अनुसार, डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ और ठहरे हुए पानी में पनपता है। ऐसे में घरों में कूलर, गमले, बाल्टी, पानी की टंकी, पुराने टायर और छत पर रखे कंटेनरों में पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। पानी की टंकियों को ढककर रखना और कूलर की नियमित सफाई करना जरूरी है। आसपास पानी जमा होने पर उसे तुरंत हटाया जाना चाहिए।
मच्छरों से बचाव के लिए पूरी बाजू के कपड़े पहनने और शरीर को अधिक से अधिक ढककर रखने की सलाह दी गई है। डेंगू से जुड़े लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लेकर जांच करवाएं।