summer express , सोनीपत। जमीन की सनद तकसीम की कार्रवाई आगे बढ़ाने के एवज में 25 हजार रुपये रिश्वत लेने के आरोप में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की सोनीपत टीम ने शाम गिरदावर राजेश मलिक को गिरफ्तार किया। एसीबी ने यह कार्रवाई पुरानी तहसील परिसर में की। आरोपी से रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली गई है।
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता की जमीन की तकसीम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सनद तकसीम की कार्रवाई करीब डेढ़ वर्ष से लंबित थी। इस दौरान कई गिरदावर बदले गए, लेकिन जमीन पर कब्जा दिलाने से संबंधित कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। इसके बाद शिकायतकर्ता ने गन्नौर तहसील से तबादला होकर आए हलका गिरदावर राजेश मलिक से संपर्क किया।
राजेश मलिक के पास सोनीपत और राई क्षेत्र का अतिरिक्त कार्यभार भी था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि सनद तकसीम की कार्रवाई करवाने के बदले गिरदावर ने उससे 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। इसके बाद शिकायतकर्ता ने मामले की जानकारी एंटी करप्शन ब्यूरो को दी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी की टीम ने मामले में कार्रवाई की योजना तैयार की। मंगलवार शाम करीब पांच बजे शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम लेकर पुरानी तहसील पहुंचने के लिए कहा गया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने जैसे ही राजेश मलिक को 25 हजार रुपये दिए, एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
एसीबी ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद कर ली। इसके बाद आरोपी गिरदावर के खिलाफ भ्रष्टाचार से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। एसीबी की टीम मामले की आगे जांच कर रही है और रिश्वत मांगने तथा जमीन की सनद तकसीम से जुड़ी कार्रवाई के संबंध में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।