Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला-:देश के विकास में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027’ के तहत जिला कांगड़ा में युवाओं को विभिन्न प्रतियोगिताओं से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में ‘विकसित भारत क्विज’ का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें जिले के युवा अपनी प्रतिभा और ज्ञान का प्रदर्शन कर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का मौका हासिल कर सकते हैं।माई भारत कांगड़ा के उप निदेशक ध्रुव डोगरा ने बताया कि क्विज का पहला चरण 30 सितंबर तक माई भारत पोर्टल पर आयोजित किया जा रहा है। इस चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों का चयन आगामी निबंध प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इसके बाद प्रेजेंटेशन और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों का चयन राष्ट्रीय स्तर के लिए होगा।
राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने का अवसर मिलेगा। यहां उन्हें देश के प्रधानमंत्री सहित केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, सांसदों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ संवाद करने का अवसर मिलेगा। साथ ही युवा ‘विकसित भारत-2047’ को लेकर अपने विचार और विजन भी प्रस्तुत कर सकेंगे।कार्यक्रम में केवल क्विज ही नहीं, बल्कि कल्चरल ट्रैक और यूथ पार्लियामेंट भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पेंटिंग, भाषण, लोक नृत्य, लोक गीत, लोक संगीत, डिक्लेमेशन और नुक्कड़ नाटक जैसी प्रतियोगिताओं के जरिए युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा दिखाने का मंच मिलेगा।ध्रुव डोगरा ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में इन प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका तय करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है।