summer express,हैदराबाद। सैफाबाद स्थित विजय मैरी अस्पताल में इलाज के दौरान 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला के परिजनों ने डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों के मुताबिक, इलाज के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और उन्हें समय पर उचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिली। बाद में अस्पताल में ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, महिला की मौत की वास्तविक वजह और इलाज के दौरान हुई घटनाओं की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
महिला की मौत की सूचना मिलने के बाद एआईएमआईएम विधायक माजिद हुसैन अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मामले में पुलिस से जांच कर जिम्मेदार डॉक्टरों और अस्पताल कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
माजिद हुसैन ने पुलिस अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने एक अधिकारी से कहा कि मामले में कानून के तहत कार्रवाई होनी चाहिए और आरोपियों को सीधे रिमांड पर लिया जाना चाहिए। उन्होंने कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस थाने के सामने धरने पर बैठने की बात भी कही।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मेडिकल रिकॉर्ड और इलाज से संबंधित अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। वहीं, परिजनों द्वारा लगाए गए लापरवाही के आरोपों की भी पड़ताल की जाएगी। जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह और किसी की जिम्मेदारी तय हो सकेगी।