शगुन कश्यप | चंडीगढ़
समर न्यूज
पंजाब के ग्रामीण क्षेत्रों से 25,000 से अधिक युवा खिलाड़ी 19 सितंबर से शुरू होने वाले विलेज स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2026 में हिस्सा लेंगे। राउंडग्लास फाउंडेशन की ओर से आयोजित इस तीसरे संस्करण में फुटबॉल और वॉलीबॉल के मुकाबले होंगे। फेस्टिवल का उद्देश्य ग्रामीण बच्चों को संगठित खेल प्रतियोगिताओं से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
फाउंडेशन के अनुसार, 1,400 से अधिक गांवों की 2,000 से ज्यादा टीमें 70 से अधिक स्थानों पर मुकाबलों में उतरेंगी। प्रतियोगिताएं क्लस्टर, ब्लॉक और जोनल स्तर से आगे बढ़ेंगी और नवंबर में मोहाली में होने वाले ग्रैंड फिनाले के साथ समाप्त होंगी। फुटबॉल में अंडर-14 और अंडर-17, जबकि वॉलीबॉल में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-21 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
फेस्टिवल का उद्घाटन 19 सितंबर को शाम 4 बजे कालेवाल पीडीसी स्पोर्ट्स ग्राउंड, माजरी, खरड़-कुराली बाईपास में होगा। उद्घाटन के बाद अंडर-14 फुटबॉल मुकाबला खेला जाएगा। राउंडग्लास फाउंडेशन के सीनियर लीड अभय शर्मा ने कहा कि फेस्टिवल का उद्देश्य ग्रामीण पंजाब के बच्चों को बेहतर खेल अनुभव और प्रतिस्पर्धा के अवसर उपलब्ध कराना है। उनके अनुसार, खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने में मदद करते हैं। स्पोर्ट्स सेंटर्स के लीड आकाश शर्मा ने बताया कि फेस्टिवल की शुरुआत फुटबॉल से हुई थी, पिछले वर्ष वॉलीबॉल को शामिल किया गया और इस बार आयोजन का दायरा और बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन पंजाब की खेल संस्कृति को जमीनी स्तर से मजबूत करना चाहता है।
टूर्नामेंट्स लीड अनुपम दासगुप्ता के अनुसार, 25,000 से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी ग्रामीण पंजाब में मौजूद खेल प्रतिभा और उत्साह को दर्शाती है। फाउंडेशन का लक्ष्य युवाओं को नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के अधिक अवसर देना है।
राउंडग्लास फाउंडेशन के मुताबिक, उसके 1,500 से अधिक स्पोर्ट्स सेंटर्स में 45,000 से ज्यादा बच्चे पंजीकृत हैं, जबकि 600 से अधिक स्पोर्ट्स चेंजमेकर्स प्रशिक्षण में सहयोग कर रहे हैं। ‘1 गर्ल 1 फुटबॉल’ कार्यक्रम के तहत 4,000 से अधिक लड़कियां भी नियमित प्रशिक्षण ले रही हैं।