summer express , राकेश कुमार शर्मा, करनाल। हरियाणा के पर्यटन एवं जेल मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा सोमवार को करनाल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव, प्रदेश की कानून व्यवस्था, नशे की समस्या और हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देने समेत कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन को लेकर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि देशभर में लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके स्वस्थ जीवन व दीर्घायु की कामना की। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और प्रधानमंत्री के तौर पर करीब 12 वर्ष तक देश की सेवा की है।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में पिछले करीब 12 वर्षों के दौरान देश के अलग-अलग वर्गों के लिए कई बदलाव हुए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन बदलावों की देशभर में सराहना हो रही है। हरियाणा में भी 17 सितंबर को लोगों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री के प्रति अपनी शुभकामनाएं और समर्थन व्यक्त किया।
दिल्ली विश्वविद्यालय चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है और दिल्ली विश्वविद्यालय देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल है। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम से युवाओं की सोच और राष्ट्र के प्रति उनकी प्राथमिकता का संदेश सामने आया है।
हरियाणा में गायकों को मिल रही धमकियों और हत्या के मामलों को लेकर मंत्री ने कहा कि प्रदेश का प्रशासन गैंगस्टरों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को लेकर सरकार गंभीर है और अपराधियों पर कार्रवाई जारी है।
पंजाब में नशे की समस्या पर डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी मोहल्ले में कोई व्यक्ति नशे का कारोबार करता है या नशे की गिरफ्त में है तो आसपास के लोगों को जागरूक होकर इसकी सूचना देनी चाहिए और नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को इससे बाहर निकालने में सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हरियाणा अपने पड़ोसी राज्य पंजाब को नशे की समस्या से बाहर निकालने में हरसंभव सहयोग कर रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पंजाब में नशा मुक्ति से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं। साइकिल यात्राओं और जागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है।
हरियाणा में पर्यटन को बढ़ावा देने को लेकर मंत्री ने कहा कि करनाल समेत पूरे प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए योजनाओं पर काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 1980 के दशक में हरियाणा पर्यटन के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था। अब सरकार पर्यटन स्थलों के विकास, नई योजनाओं और बेहतर सुविधाओं के माध्यम से प्रदेश को पर्यटन के क्षेत्र में फिर ऊंचाई पर ले जाने की दिशा में काम कर रही है।