Facebook-f Youtube Summer Express - Header One X-twitter

किशाऊ बांध परियोजना पर बिंदल ने सरकार से मांगा जवाब, बोले—₹135.69 करोड़ सालाना बचाने के लिए जल अधिकारों से समझौता क्यों?

Summer express/शिमला,संजू-: हिमाचल भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने किशाऊ बांध परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तथ्यों को गलत ढंग से पेश करने और परियोजना का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना का समझौता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों से संभव हुआ है। भाजपा परियोजना और समझौते का स्वागत करती है, लेकिन मुख्यमंत्री को इसके वित्तीय प्रावधानों और हिमाचल प्रदेश के दीर्घकालिक हितों की स्थिति जनता के सामने स्पष्ट करनी चाहिए।

₹15,624 करोड़ की परियोजना, जल घटक का खर्च केंद्र उठाएगा

डॉ. बिंदल ने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना की कुल अनुमानित लागत 15,624 करोड़ रुपये है। इसमें जल घटक की लागत 12,096 करोड़ रुपये और विद्युत घटक की लागत 3,528 करोड़ रुपये है। उन्होंने कहा कि जल घटक की 12,096 करोड़ रुपये की राशि केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने की व्यवस्था परियोजना को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण आधार है।उन्होंने बताया कि परियोजना की परिकल्पना ब्रिटिश काल में हुई थी। वर्ष 1944-45 में इसका प्रारंभिक सर्वेक्षण हुआ, वर्ष 1962 में उत्तर प्रदेश सरकार ने विस्तृत सर्वेक्षण करवाया और वर्ष 1964 में प्राथमिक रिपोर्ट तैयार हुई। इसके बावजूद परियोजना दशकों तक आगे नहीं बढ़ सकी।

2015 में लागत बंटवारे पर नहीं बनी थी सहमति

बिंदल ने कहा कि वर्ष 2015 में भी परियोजना को लेकर बैठक हुई थी, लेकिन जल घटक की लागत के बंटवारे पर सहमति नहीं बन पाई थी। छह लाभार्थी राज्य इस बड़े वित्तीय बोझ को उठाने के लिए तैयार नहीं थे।उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में केंद्र सरकार की ओर से जल घटक का खर्च वहन करने का सैद्धांतिक निर्णय परियोजना के लिए निर्णायक साबित हुआ। इसके बाद 15 सितंबर 2026 को छह राज्यों के बीच समझौता संभव हो पाया।बिंदल ने कहा कि विस्थापित परिवारों के पुनर्वास से जुड़ा खर्च भी केंद्र सरकार द्वारा वहन किए जाने की व्यवस्था है, जिससे हिमाचल सरकार पर अतिरिक्त वित्तीय बोझ नहीं पड़ेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के प्रयासों के लिए प्रदेश की जनता की ओर से आभार जताया। उन्होंने कहा कि रेणुका बांध सहित कई अंतरराज्यीय परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में भी केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

₹1,764 करोड़ के निवेश के बदले ₹135.69 करोड़ सालाना का सवाल

डॉ. बिंदल ने कहा कि वर्ष 2015 में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बीच विद्युत घटक की लागत 50-50 प्रतिशत के अनुपात में वहन करने पर सहमति बनी थी। विद्युत घटक की कुल अनुमानित लागत 3,528 करोड़ रुपये है, जिसके अनुसार हिमाचल प्रदेश को 1,764 करोड़ रुपये का निवेश करना पड़ता।उन्होंने कहा कि परियोजना की निर्धारित पूर्णता अवधि वर्ष 2040 तक बताई जा रही है। यदि निवेश को 13 वर्षों में बांटा जाए तो हिमाचल पर औसतन 135.69 करोड़ रुपये प्रतिवर्ष का वित्तीय दायित्व बनता है।

बिंदल ने सवाल उठाया कि क्या हिमाचल प्रदेश अपने

 दीर्घकालिक जल अधिकारों और संभावित आर्थिक लाभों को सुरक्षित रखने के लिए यह निवेश नहीं कर सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने तत्काल वित्तीय बोझ कम करने को प्राथमिकता दी, लेकिन भविष्य में जल संसाधनों से मिलने वाले लाभों का पर्याप्त मूल्यांकन जनता के सामने नहीं रखा।

जल बंटवारे में बदलाव पर सरकार से मांगा जवाब

डॉ. बिंदल ने कहा कि पूर्व निर्धारित जल बंटवारे के अनुसार हरियाणा की हिस्सेदारी 40.6 प्रतिशत, उत्तर प्रदेश की 30.1 प्रतिशत, दिल्ली की 10.4 प्रतिशत, राजस्थान की 6.3 प्रतिशत और हिमाचल प्रदेश व उत्तराखंड की हिस्सेदारी 1.7-1.7 प्रतिशत थी।उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश के हिस्से में करीब 50 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी आता था और नए समझौते में इसके अधिकारों में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। उनके अनुसार हिमाचल के हिस्से की व्यवस्था में बदलाव के बदले दिल्ली और राजस्थान की ओर से क्रमशः करीब 1,323 करोड़ रुपये और 441 करोड़ रुपये का वित्तीय योगदान प्रस्तावित है।बिंदल ने सवाल किया कि क्या सरकार ने पानी के दीर्घकालिक आर्थिक मूल्य, भविष्य की सिंचाई जरूरतों और पेयजल सुरक्षा का विस्तृत आकलन किया है। उन्होंने कहा कि सरकार को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि जल अधिकारों में बदलाव स्थायी है या किसी तय अवधि के लिए है और भविष्य में हिमाचल की जरूरतें बढ़ने पर पानी प्राप्त करने की क्या व्यवस्था होगी।

₹1,200 करोड़ सालाना आय के दावे का आधार सार्वजनिक करने की मांग

डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं किशाऊ बांध परियोजना से हिमाचल प्रदेश को करीब 1,200 करोड़ रुपये सालाना आय होने का दावा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री के इस अनुमान को आधार बनाया जाए और हिमाचल विद्युत घटक में 1,764 करोड़ रुपये का निवेश करता तो साधारण गणना के अनुसार करीब डेढ़ वर्ष की आय इस निवेश के बराबर होती।उन्होंने कहा कि ब्याज और अन्य वित्तीय दायित्वों को जोड़कर निवेश की वसूली की अवधि का विस्तृत आकलन किया जाना चाहिए। बिंदल ने सवाल किया कि यदि परियोजना से इतनी बड़ी वार्षिक आय की संभावना थी तो सरकार ने स्वयं निवेश करने का विकल्प क्यों छोड़ा।उन्होंने मुख्यमंत्री से 1,200 करोड़ रुपये की अनुमानित आय का आधार सार्वजनिक करने की मांग की। इसमें बिजली की बिक्री दर, हिमाचल को मिलने वाली बिजली की मात्रा, उत्पादन लागत और वास्तविक शुद्ध राजस्व का स्पष्ट विवरण देने की बात कही।

सिरमौर की सिंचाई जरूरतों पर भी उठाए सवाल

डॉ. बिंदल ने कहा कि किशाऊ बांध परियोजना केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है। इसका संबंध सिरमौर जिले के किसानों, बागवानों और भविष्य की कृषि अर्थव्यवस्था से भी है।उन्होंने कहा कि टोंस नदी पर बांध बनने से जल स्तर में बदलाव होगा और इस जल संसाधन के जरिए सिरमौर के क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार की संभावनाओं का अध्ययन किया जाना चाहिए था।

उन्होंने गिरिबाटा परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां बिजली उत्पादन के साथ विकसित सिंचाई सुविधाओं से पांवटा दून की कृषि अर्थव्यवस्था को लाभ मिला है। सिंचाई सुविधाओं से धान सहित विभिन्न फसलों का उत्पादन बढ़ा और किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार आया।

किसानों के लिए सिंचाई की विस्तृत रिपोर्ट मांगी

बिंदल ने आरोप लगाया कि किशाऊ परियोजना में हिमाचल के जल अधिकारों से जुड़े निर्णय लेते समय सिरमौर के किसानों की भविष्य की सिंचाई जरूरतों को पर्याप्त प्राथमिकता नहीं दी गई।उन्होंने सरकार से परियोजना से संभावित सिंचाई क्षेत्र, प्रस्तावित नहरों, कृषि उत्पादन में संभावित वृद्धि और किसानों की आय पर पड़ने वाले प्रभाव की विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की।

स्थानीय युवाओं के रोजगार पर भी सरकार से जवाब तलब

डॉ. बिंदल ने कहा कि किशाऊ जैसी बड़ी परियोजना के निर्माण से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार, तकनीकी प्रशिक्षण और स्वरोजगार के अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य, परिवहन, मशीनरी, निर्माण सामग्री, होटल व्यवसाय और अन्य सेवाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।उन्होंने सवाल किया कि क्या नए समझौते में हिमाचल के युवाओं के लिए रोजगार की कोई बाध्यकारी व्यवस्था की गई है। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि परियोजना के निर्माण और संचालन के दौरान कितने प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होने का अनुमान है और इनमें स्थानीय लोगों को कितनी प्राथमिकता मिलेगी।

बिंदल ने मांगा किशाऊ परियोजना पर श्वेतपत्र

डॉ. बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को परियोजना की उपलब्धियां गिनाने के साथ समझौते की सभी वित्तीय और कानूनी शर्तें भी सार्वजनिक करनी चाहिए। उन्होंने सरकार से किशाऊ बांध परियोजना पर श्वेतपत्र जारी करने की मांग की।उन्होंने कहा कि श्वेतपत्र में केंद्र और राज्यों के वित्तीय योगदान, हिमाचल के जल अधिकार, बिजली की हिस्सेदारी, अनुमानित आय, सिंचाई सुविधाओं और रोजगार के प्रावधानों का विस्तृत विवरण होना चाहिए।डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा किशाऊ बांध परियोजना और छह राज्यों के बीच हुए समझौते का स्वागत करती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से दशकों से लंबित परियोजना के आगे बढ़ने का रास्ता खुला है। उन्होंने कहा कि भाजपा का सवाल परियोजना के निर्माण से नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के दीर्घकालिक आर्थिक हितों और जल अधिकारों से जुड़ा है।

Chandrika

chandrika@summerexpress.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent News

Trending

बीबीएमबी में हिमाचल के अधिकारों को मिली मजबूती, विस्थापितों के पुनर्वास की राह भी होगी आसान

Summer express/बिलासपुर-: हिमाचल प्रदेश के एडवोकेट जनरल अनुप रतन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) में हिमाचल की हिस्सेदारी और बांध विस्थापितों के पुनर्वास जैसे दशकों से लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया है। सरकार की मजबूत कानूनी पैरवी और...

महिपाल मकराना की रिहाई को लेकर कुल्लू में प्रदर्शन, राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी ने दी देशव्यापी आंदोलन की चेतावनी

Summer express/कुल्लू /मनमिंदर अरोड़ा -:राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय के ढालपुर मैदान में एकत्रित होकर मध्य प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार का पुतला जलाकर गिरफ्तारी पर नाराजगी जताई और महिपाल मकराना की तत्काल रिहाई की मांग उठाई।प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष...

राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 साल पूरे, कल से चार दिवसीय शताब्दी समारोह का आगाज

Summer express/धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश के ऐतिहासिक राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के गौरवशाली 100 वर्ष पूरे होने पर कल से चार दिवसीय शताब्दी समारोह का आयोजन किया जा रहा है। ओल्ड स्टूडेंट एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में देश-विदेश से कॉलेज के पूर्व छात्र शिरकत करेंगे। समारोह में कई राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक...

KBC में अमिताभ बच्चन ने सर्वजीत सिंह बॉबी को दिया ‘फोर्स ऑफ गुड’ अवॉर्ड, मेंटल हॉस्पिटल में फ्री लंगर शुरू करने का ऐलान

Summer express/शिमला, संजू-: हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध समाजसेवी सर्वजीत सिंह बॉबी को लोकप्रिय टीवी शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच पर विशेष सम्मान से नवाजा गया है। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन ने उन्हें समाज सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘फोर्स ऑफ गुड अवॉर्ड’ प्रदान किया। 10 नवंबर को प्रसारित हुए...

गुरुग्राम में प्रदूषण से आंखों की सेहत पर बढ़ा खतरा, जलन और एलर्जी के मरीजों की संख्या बढ़ी

Summer express, गुरुग्राम (अनुज पांचाल) | साइबर सिटी गुरुग्राम में बढ़ता वायु प्रदूषण अब लोगों के लिए केवल सांस संबंधी परेशानियों का कारण नहीं बन रहा, बल्कि आंखों की सेहत पर भी इसका गंभीर असर दिखाई देने लगा है। दिवाली के बाद पटाखों से निकले धुएं, जहरीले रासायनिक तत्वों और हवा में मौजूद सूक्ष्म कणों...
Summer Express - header one

हम लाते हैं तेज़, साफ़ और भरोसेमंद ख़बरें — शोर के बीच भी सच्चाई तक पहुंचाने वाली।
चाहे ब्रेकिंग न्यूज़ हो या आपके लिए अहम कहानियाँ, हर दिन हम देते हैं समझदारी और रोचक अंदाज़ में कवरेज।

Must Read

©2025- All Right Reserved.