summer express , मुंबई। मुंबई के बोरीवली ईस्ट में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर हुए सड़क हादसे में इंडिगो एयरलाइंस की 32 वर्षीय केबिन क्रू सदस्य कैनूर मिस्त्री की मौत हो गई। हादसा 18 सितंबर को उस समय हुआ, जब वह ड्यूटी खत्म करने के बाद कंपनी की कैब से मीरा रोड स्थित अपने घर लौट रही थीं।
जानकारी के अनुसार कैनूर मिस्त्री कैब की पिछली सीट पर बैठी थीं। बोरीवली ईस्ट के पास चालक विजय खोसे ने कथित तौर पर वाहन से नियंत्रण खो दिया। इसके बाद कैब तेज रफ्तार में पुल की रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैनूर के सिर में गंभीर चोट आई।
हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कैनूर के परिवार में उनका आठ वर्षीय बेटा है। हादसे की सूचना मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया।
बताया गया है कि इंडिगो एयरलाइंस ने अपने कर्मचारियों के पिकअप और ड्रॉप की परिवहन व्यवस्था का ठेका मयूरेश टूर एंड ट्रैवल्स को दिया हुआ था। हादसे के बाद पुलिस ने कैब चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
शुरुआत में पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने और लोगों की जान जोखिम में डालने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया था। कैनूर मिस्त्री की मौत के बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 106(1) के तहत लापरवाही से मौत का मामला भी जोड़ा गया है। पुलिस ने चालक को नोटिस जारी कर जांच आगे बढ़ा दी है।
इस हादसे के बाद कर्मचारियों को उपलब्ध कराई जाने वाली निजी कैब सेवाओं की सुरक्षा व्यवस्था और वाहन चालकों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।