summer express , अंकुर कपूर, अंबाला। गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में वारिस पंजाब दे संगठन के प्रतिनिधियों की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में हरियाणा में संगठन के विस्तार को लेकर चर्चा की गई। इसके साथ ही जेल में बंद सिख कैदियों और सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों की रिहाई का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया।
बैठक में वारिस पंजाब दे के जनरल सचिव अकाली दल और हरियाणा इकाई के प्रधान सुखविंदर सिंह समेत संगठन से जुड़े कई पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए। संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि हरियाणा में पार्टी का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जो लोग संगठन से जुड़ना चाहते हैं, वे दो सदस्यों की बनाई गई कमेटी से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए जल्द ही संपर्क नंबर साझा किए जाएंगे।
बैठक के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों ने कहा कि वारिस पंजाब दे पिछले करीब साढ़े तीन वर्षों से पंजाब में सक्रिय है और नशे के खिलाफ अभियान चला रहा है। अब संगठन हरियाणा में भी अपनी गतिविधियों का विस्तार करने की तैयारी में है।
संगठन के प्रतिनिधि सरदार गुरबीर सिंह ने दावा किया कि पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव में जेल में बंद पार्टी नेता अमृतपाल सिंह चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी ने अमृतपाल सिंह को मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया है।
गुरबीर सिंह ने अकाली दल बादल पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि अकाली दल का नाम लेने के बावजूद पार्टी सिखों के हितों के लिए अपेक्षित काम नहीं कर रही है और अपने राजनीतिक हितों पर अधिक ध्यान दे रही है।
वहीं, वारिस पंजाब दे हरियाणा के प्रधान सुखविंदर सिंह ने कहा कि संगठन के प्रमुख मुद्दों में जेल में बंद और अपनी सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों की रिहाई शामिल है। उन्होंने कहा कि कई सिख कैदी सजा पूरी करने के बावजूद अब तक जेलों में बंद हैं। संगठन उनकी रिहाई के लिए आवाज उठाएगा।
सुखविंदर सिंह ने शिक्षा को भी संगठन का प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए भी काम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब में हुई बैठक के बाद जल्द ही अंबाला जिले में संगठन के विस्तार की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।