summer express , अमृतसर। अमृतसर में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन रहे दिनेश बस्सी के बेटे वंश बस्सी और उसके साथी अमित बजाज के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस ने 50 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है। दोनों पर कैनाल कॉलोनी निवासी कंवरदीप सिंह के साथ जमीन के सौदे को लेकर धोखाधड़ी करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता कंवरदीप सिंह के अनुसार, उन्होंने 26 जून 2023 को एक संपत्ति के संबंध में आरोपियों के साथ इकरारनामा किया था। इस सौदे के तहत उन्होंने 50 लाख रुपये का भुगतान भी किया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त इकरारनामा रद्द नहीं किया गया था और मौखिक सहमति के आधार पर इसकी अवधि कई बार आगे बढ़ाई गई।
शिकायत के मुताबिक, उनकी जानकारी और सहमति के बिना अमित बजाज ने 10 अक्टूबर 2025 को यह दस्तावेज वंश बस्सी के पक्ष में कर दिया। आरोप है कि इसके बाद इकरारनामा अपने नाम कराने के बावजूद 50 लाख रुपये की राशि शिकायतकर्ता को वापस नहीं की गई।
कंवरदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि नवंबर 2025 में उन्हें जानकारी मिली कि दोनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से उक्त इकरारनामे को किसी तीसरे पक्ष के नाम पर कर दिया है। इसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की।
सिविल लाइन थाना प्रभारी मोहित कुमार ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है।