summer express , लुधियाना। निहंग बाणे की आड़ में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ निहंग जत्थेबंदियों ने सख्त रुख अपनाया है। लुधियाना के राम नगर इलाके में एक दुकान से करीब 35 हजार रुपये की नकदी चोरी करने के आरोपी युवक को बाबा कुलदीप सिंह और उनके साथियों ने पकड़ लिया। आरोपी कुछ दिन पहले निहंग बाणा पहनकर दुकान में चोरी करते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। चोरी की यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुई थी।
जानकारी के अनुसार, राम नगर की एक दुकान से 35 हजार रुपये की नकदी चोरी होने के बाद सीसीटीवी फुटेज सामने आई थी। इसमें निहंग बाणे में एक युवक दुकान के गल्ले से पैसे निकालता दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद निहंग जत्थेबंदियों में रोष फैल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बाबा कुलदीप सिंह ने अपने सहयोगियों के साथ आरोपी की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद आरोपी की पहचान कर उसे काबू कर लिया गया।
आरोपी के पकड़े जाने के बाद उसका निहंग बाणा उतरवाया गया और उसके पास मौजूद शस्त्र अपने कब्जे में ले लिए गए। बाबा कुलदीप सिंह ने कहा कि कुछ नशेड़ी और असामाजिक तत्व निहंग बाणे का सहारा लेकर चोरी और छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों की वजह से निहंग समाज की छवि और उसकी धार्मिक परंपराएं प्रभावित होती हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ऐसे लोगों की पहचान के लिए अपने स्तर पर विशेष टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने सिख जत्थेबंदियों से भी ऐसे तत्वों पर नजर रखने की अपील की। इसके साथ ही धार्मिक वस्त्र और शस्त्र बेचने वाले दुकानदारों को निर्देश दिया कि वे बिना लाइसेंस अथवा किसी मान्यता प्राप्त जत्थेबंदी की आधिकारिक अनुमति के अनजान व्यक्ति को निहंग बाणा या शस्त्र न बेचें।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने राम नगर की दुकान में चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि वारदात में भामियां इलाके का रहने वाला अनमोल भी उसके साथ शामिल था। आरोपी के अनुसार, चोरी की 35 हजार रुपये की रकम में से उसने 5 हजार रुपये अनमोल को दिए थे, जबकि बाकी पैसे उसने अपने निजी खर्च और नशे में खर्च कर दिए।
बाबा कुलदीप सिंह ने बताया कि चोरी से प्रभावित दुकानदार का परिवार आर्थिक परेशानी और तनाव से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि धार्मिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए आरोपी से निहंग बाणा उतरवाया गया और उसके शस्त्र कब्जे में लिए गए। साथ ही आरोपी को चेतावनी दी गई कि भविष्य में निहंग बाणा पहनकर अपराध या समाज विरोधी गतिविधि करने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।