summer express,फतेहाबाद। सिरसा रोड स्थित एक निजी होटल में दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान गांव काताखेड़ी के प्राथमिक स्कूल में तैनात जेबीटी शिक्षक प्रहलाद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने पार्टी के दौरान दोस्तों के साथ विवाद और मारपीट में चोट लगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर शहर थाना पुलिस ने पांच नामजद लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस प्रवक्ता विनोद कुमार के अनुसार, प्रहलाद सिंह मूल रूप से हिसार रोड स्थित न्यू विकास टाउन में परिवार के साथ रहते थे। वह अपने साथियों के साथ सिरसा रोड स्थित एक होटल में पार्टी करने गए थे। वहां खाना-पीना चल रहा था, इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। साथियों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पत्नी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि होटल में पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर प्रहलाद सिंह का दोस्तों के साथ विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें अंदरूनी और बाहरी चोटें आईं। पत्नी का दावा है कि इन्हीं चोटों के कारण उनकी मौत हुई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में बीघड़ रोड निवासी सत्यप्रिय, गांव झलनियां निवासी अमित, भिवानी निवासी अनिल, हिसार के गांव चबरवाल निवासी कुशल और पंजाब के अबोहर निवासी निखिल शामिल हैं।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। पुलिस के अनुसार मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाएगा। विसरा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही शिक्षक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।