summer express, सुन्दर कुंडू , पलवल। पलवल अनाज मंडी में धान की आवक लगातार जारी है और फसल की खरीद भी सुचारू रूप से चल रही है। मार्केट कमेटी के चेयरमैन पंकज विरमानी के अनुसार मंडी में अब तक 19,827 क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। किसानों की सुविधा के लिए मंडी में गेट पास काटने की व्यवस्था की गई है और खरीद प्रक्रिया को लेकर आवश्यक इंतजाम किए गए हैं।
पंकज विरमानी ने बताया कि मंडी में किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की गई है। उनका कहना है कि फसल की खरीद के दौरान किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। मंडी में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ किसानों के लिए पीने के साफ पानी की व्यवस्था की गई है। बिजली आपूर्ति भी सुचारू रखी जा रही है। इसके अलावा धान की फसल की प्रक्रिया के लिए झरनों की उचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे धान को अच्छी तरह सुखाकर ही मंडी में लेकर आएं, ताकि फसल की गुणवत्ता बेहतर रहे और उन्हें उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2441 रुपये प्रति क्विंटल और ग्रेड-ए धान का समर्थन मूल्य 2461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।
वहीं, मंडी एसोसिएशन के प्रधान राधाचरण ने बताया कि पलवल अनाज मंडी में किसानों को धान की फसल का अच्छा भाव मिल रहा है। मंडी में सफाई समेत अन्य सुविधाओं की व्यवस्था ठीक है और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही। उन्होंने बताया कि किसान भी फसल को सुखाकर मंडी में ला रहे हैं।
राधाचरण ने किसानों से ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि धान की सरकारी खरीद के लिए पोर्टल खोला गया है और किसान अपना पंजीकरण कराकर सरकार की योजनाओं का लाभ उठा सकते हैं।